गोंडा

Gonda: पीले वस्त्रों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सरयू तट से कलश में जल लेकर कटरा कुटी धाम पहुंचे श्रद्धालु

Gonda News: गोंडा के कटरा कुटी धाम में 20वें श्रीहनुमान जयंती महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। श्रद्धालु सरयू तट पहुंचे और वैदिक मंत्रों के बीच कलश में पवित्र जल भरा। जानिए नौ दिवसीय महोत्सव में कब होगी श्रीराम कथा, भंडारा और छप्पन भोग का आयोजन।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 2:55 PM IST
Gonda
कलश यात्रा में जाते महिलाएं पुरुष फोटो सोर्स महेंद्र तिवारी

Gonda News:गोंडा के कटरा कुटी धाम में शुक्रवार को 20वें श्रीहनुमान जयंती महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। पीले वस्त्रों में सजे श्रद्धालु हाथों में मंगल कलश लेकर जयकारे लगाते हुए सरयू तट तक पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रों के बीच पवित्र जल भरा गया। इसके बाद कलश यात्रा वापस धाम पहुंची। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में रामकथा, महायज्ञ और भंडारे का आयोजन होगा।

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित कटरा कुटी धाम में शुक्रवार सुबह नौ बजे भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही नौ दिवसीय 20वें श्रीहनुमान जयंती महोत्सव का शुभारंभ हो गया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पीले वस्त्र पहने महिलाएं और अन्य श्रद्धालु सिर पर मंगल कलश लेकर चल रहे थे। रास्ते भर भगवान के जयकारे गूंजते रहे।

कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

राम और शिव दरबार की झांकियां बनीं आकर्षण

कलश यात्रा में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की कटरा शिवदयालगंज संस्था की ओर से कई आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। इनमें राम दरबार, शिव दरबार और शक्ति स्वरूपा की झांकियां शामिल थीं। देवी-देवताओं के सुंदर स्वरूप को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी रही।
यात्रा कटरा कुटी धाम से निकलकर सुंदरदास चौराहा, शिवदयालगंज बाजार और दुर्गागंज माझा होते हुए सरयू नदी के तट पर पहुंची। रास्ते में श्री अवध रामलीला समिति, जगत तारिणी दुर्गापूजा समिति और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा भी की गई।

वैदिक मंत्रों के बीच कलश में भरा गया जल

सरयू तट पर मुख्य यजमान भाग्यवती देवी ने वैदिक मंत्रों के बीच मंगल कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद वहां सभा हुई। श्रद्धालुओं ने कुछ देर विश्राम किया और जलपान किया। फिर सभी लोग कलश लेकर वापस कटरा कुटी धाम पहुंचे। धाम में पीठाधीश्वर चिन्मयानंद दास ने श्रद्धालुओं से विधि-विधान के साथ मंगल कलश को महायज्ञ स्थल पर स्थापित कराया। इसके साथ ही महोत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।

31 अक्टूबर से होगी श्रीराम कथा

कार्यक्रमाधिकारी डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि 31 अक्टूबर से छह नवंबर तक प्रतिदिन शाम सात बजे से रात दस बजे तक श्रीराम कथा होगी। सात नवंबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। नौ नवंबर को अन्नकूट और छप्पन भोग महाप्रसाद के साथ महोत्सव का समापन होगा।
शोभायात्रा का संचालन शारदाकांत पांडेय ने किया। कार्यक्रम में सोनबरसा धाम गोंडा के छोटे महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्य व्यवस्थापक रामगोपाल सिंह, अमित सिंह, श्याम तिवारी, उमेश प्रताप सिंह, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, कथावाचक मिथिला शरण पांडेय, भुवनेश्वर शास्त्री, अंजनी सिंह और विनोद कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Updated on:
30 Oct 2026, 2:55 PM IST
Published on: