गोंडा

Gonda News: चार बदमाशों ने रास्ते में रोकी स्कूटी, मोबाइल और 10 हजार लूटे, अगले दिन पुलिस ने खोला पूरा राज

Gonda News: गोंडा के कोतवाली देहात क्षेत्र में स्कूटी, मोबाइल और 10 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने अगले ही दिन खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो किशोरों को अभिरक्षा में लिया है। लूटी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी, 8 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Gonda
बरामद बाइक पकड़े गए आरोपी फोटो सोर्स पुलिस विभाग

Gonda News:गोंडा में लूट की एक वारदात का पुलिस ने अगले ही दिन खुलासा कर दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र में चार बदमाशों ने रास्ते में स्कूटी सवार युवक को रोककर मोबाइल, नकदी और इलेक्ट्रिक स्कूटी लूट ली थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी और सुरागरसी के आधार पर तीन आरोपी पकड़े गए। इनमें दो किशोर हैं। बाद में चौथे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया।

गोंडा के कोतवाली देहात क्षेत्र में लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो किशोरों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी, मोबाइल और 8 हजार रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी मिली हैं। पुलिस के अनुसार, ग्राम ज्ञानपुर के रहने वाले प्रमोद कुमार यादव 29 सितंबर की रात पोर्टरगंज से अपने घर जा रहे थे। वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से डेहरास रोड मंडप चौराहे से आगे बढ़े थे। बेलवानोहर की तरफ करीब 500 मीटर आगे पहुंचे थे। तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक आए। आरोपियों ने प्रमोद की स्कूटी रोक ली। इसके बाद उनका मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये और इलेक्ट्रिक स्कूटी लूट ली। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही पुलिस ने सुरागरसी शुरू की। 30 सितंबर को पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में निकली थी। इसी दौरान मिश्रौलिया रोडवेज बस स्टेशन के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। बताया गया कि लूट में शामिल तीन युवक सतईपुरवा के सामने उतरौला रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर खड़े हैं। उनके पास मोटरसाइकिल और लूटी गई स्कूटी भी है।

आरोपियों ने लूट के दो हजार खर्च किए, 8 हजार नगदी बरामद

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। मौके से राजपाल यादव और दो विधि विरुद्ध किशोरों को पकड़ लिया गया। उनके पास से बजाज प्लेटिना, अपाचे मोटरसाइकिल और लूटी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने चौथे साथी अंश पाण्डेय उर्फ भास्कर का नाम बताया। पुलिस ने उसके घर पहुंचकर उसे भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, लूट में आरोपियों को कुल 10 हजार रुपये मिले थे। इनमें से 2 हजार रुपये खाने-पीने में खर्च हो गए थे। बाकी 8 हजार रुपये आपस में बांट लिए गए थे। आरोपियों की निशानदेही पर 8 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Updated on:
30 Sept 2026 05:41 pm
Published on:
30 Sept 2026 05:41 pm