गोंडा

Wheat Crop Management: गेहूं की पैदावार बढ़ाने के लिए अपनाएं यह तरीका, कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को दी खास सलाह

Wheat Crop Management: गोंडा जिले के मनकापुर में इफको ने किसानों को नैनो डीएपी के इस्तेमाल का तरीका बताया। कृषि वैज्ञानिकों ने समझाया कि गेहूं की बुवाई से पहले एक किलो बीज में 5 मिलीलीटर नैनो डीएपी से उपचार करें। 40 दिन की फसल पर प्रति लीटर पानी में 4 मिलीलीटर मिलाकर छिड़काव करने की जानकारी दी गई।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 4:36 PM IST
Gonda
नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी देते कृषि वैज्ञानिक फोटो सोर्स महेंद्र तिवारी

Wheat Crop Management: गोंडा में किसानों को खेती की लागत कम करने और फसल की अच्छी बढ़वार के लिए नैनो डीएपी के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। मनकापुर के छिटईजोत गांव में इफको की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि बीज उपचार और फसल पर छिड़काव करके दानेदार डीएपी की आधी मात्रा बचाई जा सकती है। किसानों को गेहूं में नैनो डीएपी के इस्तेमाल का तरीका भी समझाया गया।

गोंडा जिले के मनकापुर विकासखंड के छिटईजोत गांव में इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) की ओर से नैनो डीएपी के प्रयोग और महत्व पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को बताया कि नैनो डीएपी के सही इस्तेमाल से खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही फसल की बढ़वार और उत्पादन में भी फायदा हो सकता है। प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह ने नैनो डीएपी के इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीज उपचार और फसल पर छिड़काव के लिए नैनो डीएपी का प्रयोग किया जाता है। इससे पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और फसल की बढ़वार अच्छी होती है। उन्होंने किसानों को खाद के संतुलित इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी।

गेहूं उत्पादन बढ़ाने की जानकारी देते वैज्ञानिक और विभाग के कर्मचारी

एक किलो बीज में डालें 5 मिलीलीटर नैनो डीएपी

इफको फर्टिलाइजर्स के एसएफए विभाकर तिवारी ने किसानों को नैनो डीएपी के इस्तेमाल का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि गेहूं की बुवाई से पहले एक किलो बीज को उपचारित करने के लिए 5 मिलीलीटर इफको नैनो डीएपी का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे बीज को बुवाई से पहले उपचारित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि गेहूं की फसल जब करीब 40 दिन की हो जाए, तब एक लीटर पानी में 4 मिलीलीटर नैनो डीएपी मिलाकर फसल पर छिड़काव करना चाहिए। इससे फसल को पोषण देने में मदद मिलती है। नैनो डीएपी का इस्तेमाल दूसरी फसलों में भी किया जा सकता है। रोपाई वाली फसलों में पौधों की जड़ों के उपचार और खड़ी फसल में छिड़काव के लिए भी इसका प्रयोग होता है।

आधी दानेदार डीएपी से घट सकती है खेती की लागत

मत्स्य वैज्ञानिक डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता ने बताया कि सामान्य दानेदार डीएपी की आधी मात्रा के साथ नैनो डीएपी का इस्तेमाल करने से खाद पर होने वाला खर्च कम हो सकता है। इससे किसानों की उत्पादन लागत घटाने और शुद्ध लाभ बढ़ाने में मदद मिल सकती है। प्रशिक्षण के दौरान इफको की ओर से प्रगतिशील किसान रामसागर वर्मा के खेत में गेहूं के बीज को नैनो डीएपी से उपचारित करने का प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान किसानों को पूरी प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम में रामसागर वर्मा, राजेश कुमार वर्मा, विशाल, दीपक वर्मा, विकास चौधरी और रुचि वर्मा सहित कई किसानों ने भाग लिया। किसानों ने खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी प्राप्त की।

Updated on:
29 Nov 2026, 4:36 PM IST
Published on: