गोंडा

Gonda News: जिस घर से बहन की डोली उठनी थी उससे पहले भाई की उठी अर्थी, होने वाले पति की भी मौत

Gonda News: घर में शादी की तैयारी चल रही थी। लड़का और लड़की दोनों पक्ष में खुशी का माहौल था। लेकिन एक झटके में दोनों परिवार की खुशियां गम में बदल गई। जिस घर से बहन की डोली उठनी थी। उससे पहले यहां भाई की और वहां पर होने वाले पति की अर्थी उठी। दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
2 min read
Nov 09, 2024
Gonda News
जिला अस्पताल गोंडा

Gonda News: गोंडा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात अनियंत्रित डीसीएम ने बाइक सवार जीजा- साले को जोरदार ठोकर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में जीजा को इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल साले की शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिससे दो परिवारों में कोहराम मच गया।

Gonda News: गोंडा जिले के कर्नलगंज बहराइच मार्ग पर टिकौली गांव के पास डीसीएम की ठोकर से बाइक सवार जीजा- साले की मौत हो गई। जिले के कटरा बाजार थाना के गांव बैरमपुर पिपरी रावत के रहने वाले सूरज गुप्ता 25 वर्ष की शादी करनैलगंज कोतवाली के गांव टिकवार के रहने वाले मनीराम के बेटी के साथ तय हुई थी। 22 नवंबर को शादी होनी थी। शुक्रवार को रोहित अपने होने वाले जीजा सूरज गुप्ता को बाइक से लेकर कर्नलगंज बाजार शादी का सामान खरीदने और कार्ड बांटने के लिए निकला था। सामान खरीद कर घर वापस जाते समय टिकौली गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज ले गई। जहां पर डॉक्टर ने सूरज गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल साले रोहित का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार की दोपहर बाद इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। जिस घर से 22 नवंबर को बहन की डोली उठनी थी। उस घर से आज भाई की अर्थी उठने से पूरे गांव में मातम फैल गया। वही होने वाले पति की मौत से दो परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

प्रभारी निरीक्षक बोले- घायल की इलाज के दौरान हुई मौत

प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज ने बताया कि सूरज गुप्ता की शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। जबकि घायल रोहित का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान आज उसकी भी मौत हो गई है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द डीसीएम चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

Updated on:
09 Nov 2024 07:12 pm
Published on:
09 Nov 2024 07:12 pm