गोंडा

Gonda News: पुलिस चौकीदारों को मिली बड़ी सौगात,अब गांव-गांव पहुंचकर रखेंगे हर गतिविधि पर नजर

UP Police: गोंडा में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने 301 पुलिस चौकीदारों को साइकिल वितरित की। साइकिल मिलने से चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से भ्रमण कर सकेंगे। संदिग्ध गतिविधियों, विवाद व कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक तेजी से पहुंचाएंगे। इससे गांवों में पुलिस की पहुंच सूचना तंत्र मजबूत होने की उम्मीद है।
2 min read
Aug 08, 2026
Gonda police
चौकीदारों को साइकिल वितरण के बाद बीच में खड़े एसपी फोटो सोर्स पुलिस मीडिया सेल

Gonda News: गोंडा पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपने सूचना तंत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की है। शनिवार, 8 अगस्त 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी विनीत जायसवाल ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात 301 पुलिस चौकीदारों को साइकिल वितरित की। पुलिस चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आम लोगों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही ये कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें साइकिल मिलने से उनके कामकाज को और आसान बनाने की उम्मीद है।

गांवों में अब आसानी से कर सकेंगे भ्रमण

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने चौकीदारों से संवाद करते हुए उन्हें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमणशील और सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना पुलिस को इसकी सूचना दी जाए।
साइकिल वितरण का मुख्य उद्देश्य चौकीदारों के कार्य क्षेत्र में आवागमन को आसान बनाना है। ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर दूरी अधिक होने के कारण चौकीदारों को आने-जाने में परेशानी होती है। साइकिल मिलने से वे अपने क्षेत्र में ज्यादा आसानी से पहुंच सकेंगे।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर होगा समन्वय

पुलिस विभाग का मानना है कि चौकीदारों की सक्रियता बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और सूचना तंत्र दोनों मजबूत होंगे। चौकीदार गांव में होने वाली गतिविधियों की जानकारी समय रहते पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। जिससे अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

जनसहयोग प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसहयोग प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और सूचना तंत्र को मजबूत करने में पुलिस चौकीदारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विभाग की ओर से चौकीदारों की कार्यक्षमता बेहतर करने और उनके दायित्वों के निर्वहन में जरूरी सहयोग देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दवाच्यॉ, प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस चौकीदार मौजूद रहे।

Updated on:
08 Aug 2026 05:26 pm
Published on:
08 Aug 2026 05:26 pm