
Gonda Police Encounter: गोंडा में कर्नलगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। देर रात वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोना-चांदी के जेवर, नकदी, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
गोंडा जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कर्नलगंज थाना पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने देर रात चेकिंग के दौरान तीन शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि उसके दो साथी पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान चोरी के आभूषण और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 11 ग्राम सोना, 1 किलो 100 ग्राम चांदी, एक मोबाइल फोन तथा 93 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। बरामदगी में एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद सामान के संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।