18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gonda: तालाब के किनारे से आई आवाज अम्मा मुझे बचा लो, मौके पर पहुंचा तो कोई नहीं मिला तालाब में डूबने की आशंका

Gonda News: गोंडा के परसपुर में पिता के बगल चारपाई पर सो रहा 22 वर्षीय परमजीत निषाद रात में अचानक गायब हो गया। तालाब के किनारे से ‘अम्मा मुझे बचा लो’ की आवाज सुनकर पिता मौके पर पहुंचे। लेकिन युवक नहीं मिला। परिजनों ने तालाब में डूबने की आशंका जताई है। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
2 min read
Google source verification
Gonda News

परिजनों से पूछताछ करती पुलिस फोटो सोर्स महेंद्र तिवारी

Gonda: गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में पिता के बगल चारपाई पर सो रहा 22 वर्षीय युवक रात में अचानक गायब हो गया। पिता की नींद खुली तो बेटा चारपाई पर नहीं था। इसी दौरान तालाब की तरफ से ‘मां मुझे बचा लो’ की आवाज सुनाई दी। पिता और भतीजे ने तालाब के पास पहुंचकर तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। परिजनों को उसके तालाब में डूबने की आशंका है। पुलिस जांच कर रही है।

गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के चरसड़ी गांव में एक युवक के रात में अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। 22 वर्षीय परमजीत निषाद अपने पिता धनीराम के बगल चारपाई पर सो रहा था। रात में पिता की नींद खुली तो बेटा चारपाई पर नहीं था। इसके बाद तालाब के पास से आवाज सुनाई दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।

दिन में पिता के साथ गया था गोंडा

परमजीत के पिता धनीराम ने बताया कि दिन में वह और उनका बेटा एक साथ थे। बाइक का चालान हो गया था। उसे छुड़ाने के लिए दोनों गोंडा गए थे। उनके साथ एक पंडित जी भी थे। काम पूरा होने के बाद सभी वापस घर लौट आए। घर पहुंचने पर जानवरों को चारा खिलाया गया। इसके बाद पिता और बेटा खाना खाकर सो गए। धनीराम के मुताबिक, रात में जब उनकी नींद खुली तो देखा कि बेटे की चारपाई खाली थी।

तालाब के पास से आई आवाज

धनीराम ने बताया कि बेटा अक्सर देर-सवेर घर आता था। इसलिए शुरुआत में उन्हें लगा कि वह कहीं गया होगा। लेकिन इसी दौरान तालाब की तरफ से आवाज सुनाई दी।
पिता के अनुसार, आवाज आई, ‘मां मुझे बचा लो।’ उन्होंने बताया कि यह आवाज करीब तीन-चार बार सुनाई दी। इसके बाद वह अपने भतीजे के साथ तालाब की तरफ पहुंचे। दोनों ने तालाब के पास लगी घास हटाकर देखा, लेकिन वहां कुछ दिखाई नहीं दिया। पानी काफी गहरा था। इसके बाद बांस के सहारे तालाब में युवक की तलाश की गई। काफी कोशिश के बाद भी परमजीत का कोई पता नहीं चल सका।

रात में डायल 112 को दी सूचना

धनीराम ने बताया कि उन्हें आशंका है कि उनका बेटा तालाब में डूब गया है। घटना की सूचना रात में ही डायल 112 पर फोन करके दी गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से चले गए। सुबह धनीराम ने चौकी पर जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। फिलहाल तालाब में युवक की तलाश की जा रही है। परसपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की तलाश और उसके अचानक गायब होने की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।