गोंडा

Gonda News: पुलिस विभाग की नई पहल,अब हर शिकायत की मिलेगी रिसीविंग,लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Gonda News: गोंडा के नवागत एसपी अभिषेक ने शिकायतों के निस्तारण को लेकर नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। अब थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक हर शिकायत की रिसीविंग मिलेगी। समय पर कार्रवाई नहीं होने पर जिम्मेदारी तय होगी। पुलिसकर्मियों के व्यवहार, IGRS शिकायतों, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था पर भी सख्ती होगी।
2 min read
Aug 29, 2026
Gonda
एसपी अभिषेक झा फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda News: गोंडा के नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने पदभार संभालने के बाद शिकायतों के निस्तारण को लेकर नई व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है। अगले सप्ताह से थानों से लेकर एसपी कार्यालय तक पहुंचने वाले शिकायतकर्ताओं को रिसीविंग दी जाएगी। इससे शिकायतों की निगरानी आसान होगी। समय पर कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। एसपी ने अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और साइबर अपराध रोकने पर भी जोर दिया।

गोंडा के नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने जिले की पुलिस व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। सबसे ज्यादा जोर आम लोगों की शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर रहेगा। इसके साथ ही अपराधों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे। एसपी ने बताया कि अगले सप्ताह से थानों से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक शिकायत लेकर आने वाले लोगों को रिसीविंग दी जाएगी। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतों पर होने वाली कार्रवाई की निगरानी करना है।
उन्होंने कहा कि रिसीविंग मिलने के बाद यह पता लगाना आसान होगा कि किस शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई। और उसका निस्तारण कब किया गया। अगर किसी मामले में तय समय के भीतर कार्रवाई नहीं होती है। तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।

पुलिसकर्मी प्रत्येक शिकायतकर्ता से करें सम्मानजनक व्यवहार

एसपी अभिषेक ने पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिया कि थाने या कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि भ्रष्टाचार या लोगों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अब जबरन ओटीपी लेकर शिकायतों का निस्तारण करने वालों की खैर नहीं

आईजीआरएस की शिकायतों को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाया है। उनसे जब शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता से ओटीपी लेकर पुलिसकर्मियों द्वारा अपने स्तर पर कार्रवाई पूरी करने की बात पूछी गई। तो उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। जांच में मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने दोहराया कि किसी भी शिकायत का सिर्फ कागजों पर निस्तारण नहीं, बल्कि वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान होना चाहिए। इसके अलावा जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ साइबर अपराध, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम की योजना बनाई जा रही है। आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।

जाम की समस्याओं को लेकर पुलिस उठेगी प्रभावी कदम

जाम की समस्या को लेकर भी एसपी ने अतिरिक्त व्यवस्था तैयार करने की बात कही है। उनका कहना है कि यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

Updated on:
29 Aug 2026 04:40 pm
Published on:
29 Aug 2026 04:40 pm