North Eastern Railway: पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने मई 2026 में 23 ISO और 12 5S सहित कुल 35 प्रमाण-पत्र हासिल किए हैं। गोंडा रेलवे स्टेशन और आरओएच डिपो को भी गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन और बेहतर रखरखाव के लिए सम्मान मिला है। यह उपलब्धि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

North Eastern Railway: पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया है। मई 2026 में मंडल को कुल 35 प्रमाण-पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें गोंडा रेलवे स्टेशन और आरओएच डिपो का भी अहम योगदान रहा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित यात्रा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल को मई 2026 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बड़ी सफलता मिली है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, डिपो और कार्यालयों को कुल 35 प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए हैं। इनमें 23 आईएसओ (ISO) और 12 फाइव-एस (5S) प्रमाण-पत्र शामिल हैं। यह उपलब्धि रेलवे की गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और कार्यस्थल प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मंडल के तीन प्रमुख कोचिंग डिपो गोरखपुर, गोमतीनगर और ऐशबाग को यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन में बेहतर कार्य के लिए आईएसओ और 5S प्रमाण-पत्र मिले हैं।
वहीं गोंडा स्थित आरओएच (रूटीन ओवरहॉलिंग) डिपो को मालगाड़ियों के बीसीएन डिब्बों के रखरखाव और अनुरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा गोरखपुर, लखनऊ, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद, मनकापुर और बादशाहनगर रेलवे स्टेशनों को पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के क्षेत्र में आईएसओ और 5S प्रमाण-पत्र दिए गए हैं। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ को कार्यस्थल को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और प्रभावी बनाने के लिए 5S प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ISO 9001 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली, ISO 14001 पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली, ISO 45001 स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन तथा ISO 50001 ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली से संबंधित है। वहीं 5S प्रमाण-पत्र कार्यस्थल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने के लिए दिया जाता है।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने इस उपलब्धि को रेलवे कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे लखनऊ मंडल के लिए गर्व की बात है और इससे भविष्य में बेहतर सेवाएं देने की प्रेरणा मिलेगी। गोंडा रेलवे स्टेशन और आरओएच डिपो को मिले इस सम्मान से जिले के रेलकर्मियों में भी उत्साह का माहौल है। अधिकारियों का मानना है कि इससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं तथा सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।