गोंडा

गोंडा में बड़े भाई ने छोटे भाई को पीट-पीटकर मार डाला, पिता को किया घायल, फिर घर में लगा दी आग

Gonda brother murder case: गोंडा के वजीरगंज क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने 17 वर्षीय छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिता को घायल कर दिया। घर में आग लगा दी। आग की चपेट में आने से एक भैंस की जलकर मौत हो गई। घर में भी काफी नुकसान होना बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

2 min read
Jun 07, 2026
घटना के बाद घर के पास जुटे ग्रामीण फोटो सोर्स पत्रिका
घटना के बाद घर के पास जुटे ग्रामीण फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda Murder Case: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शनिवार देर रात एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने पिता और छोटे भाई की पिटाई कर दी। इसके बाद उसने घर में आग लगा दिया। भाई के हमले में घायल किशोर की मौत हो गई, जबकि आग की चपेट में आने से एक भैंस की जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

जानें क्या है पूरा मामला

ग्रामीणों के अनुसार रात के समय गांव में अचानक एक घर से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो घर के पास अफरा-तफरी का माहौल था। गांव के बाहर खेत में परिवार के मुखिया भूल्लन घायल अवस्था में पड़े मिले। वहीं घर के नजदीक उनकी भैंस मृत पड़ी थी। कुछ दूरी पर उनका 17 वर्षीय बेटा अंकित अचेत हालत में मिला। ग्रामीणों ने उसे संभालने की कोशिश की। लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची स्थिति का जायजा लिया। किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बड़े भाई को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आरोपी बड़े भाई को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायल पिता भूल्लन का आरोप है कि उनके बेटे अक्कू उर्फ हुलसी ने पहले उनके साथ मारपीट की। इसके बाद घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। उनका कहना है कि इसी दौरान छोटे बेटे अंकित पर भी हमला हुआ। जिससे उसकी मौत हो गई।

मां बाप रो-रो कर बेहाल,गांव में शोक का माहौल

परिवार के मुताबिक उनके पांच बेटे हैं। तीन बड़े बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। जबकि घर पर माता-पिता, एक बेटी, तथा एक अन्य भाई और मृतक अंकित रहते थे। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। लोगों की माने तो युवक का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है।उसका व्यवहार अक्सर असामान्य रहता था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी

वजीरगंज थाना प्रभारी विपुल पांडे के अनुसार, आरोपी अक्कू उर्फ हुलसी ने घरेलू विवाद के दौरान अपने छोटे भाई अंकित पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में उसके पिता भी घायल हुए। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने घर में आग लगा दी। जिसकी चपेट में आने से एक भैंस की भी मौत हो गई। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Published on:
07 Jun 2026 05:05 pm