
Gonda News: गोंडा के इटियाथोक में बुधवार सुबह एक खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। 19 वर्षीय मानसी घर से फूल तोड़ने के लिए निकली थी, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंची। रेलवे ट्रैक पार करते समय उसका पैर फंस गया। गोंडा से गोरखपुर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के हरैया झूमन गांव में बुधवार की सुबह एक परिवार के लिए जिंदगी की सबसे दुखद सुबह बन गई। धर्मराज तिवारी की 19 वर्षीय बेटी मानसी रोजमर्रा की तरह घर से निकली थी। उसे क्या पता था कि कुछ ही देर बाद वह हमेशा के लिए परिवार से दूर हो जाएगी। सुबह करीब पांच बजे मानसी घर के पास रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर फूल तोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक उसका पैर ट्रैक में फंस गया। वह खुद को संभाल पाती। इससे पहले ही गोंडा से गोरखपुर की ओर जा रही मालगाड़ी वहां पहुंच गई। मानसी उसकी चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
कुछ ही देर में हादसे की खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई। ग्रामीण घटनास्थल पर जुटने लगे। इसके बाद जब मानसी के परिजन वहां पहुंचे तो सामने बेटी का शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में जिस बेटी के लौटने का इंतजार था। उसकी अर्थी उठाने की तैयारी होने लगी। चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
मानसी अपने परिवार में दो बड़ी बहनों के बाद थी। उसकी बड़ी बहन आशा और वंदना की शादी हो चुकी है। परिवार में उसके दो छोटे भाई प्रशांत और अहम भी हैं। पिता धर्मराज तिवारी इटियाथोक में एक आरा मशीन पर मजदूरी करते हैं। जबकि मां लखपता घर संभालती हैं। बेटी की अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक मानसी की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। जिस रास्ते से वह सुबह फूल लेने निकली थी, उसी रास्ते पर हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि गोंडा से गोरखपुर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से युवती की मौत हुई है। सूचना मिलने पर इटियाथोक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।