गोंडा

Gonda Train News: ट्रेनों के समय में परिवर्तन से 1000 यात्रियों की बढ़ी परेशानी; अब आंदोलन की चेतावनी

Gonda Train News: गोंडा जिले के बनगाई रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की बदली समय-सारणी और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव खत्म होने से छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। यात्रियों ने पुरानी समय-सारणी बहाल करने और ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
3 min read
Sep 10, 2026
Gonda news
बनगाई स्टेशन पर प्रदर्शन करते छात्र अधिवक्ता और अन्य MST धारक फोटो सोर्स Mahendra Tiwari

Gonda Train News:गोंडा जिले के बनगाई रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की बदली समय-सारणी और कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव खत्म किए जाने को लेकर क्षेत्र के यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों और दैनिक मजदूरों समेत 1000 से अधिक यात्रियों के प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। यात्रियों की मांग है कि गोंडा जाने वाली ट्रेन को पहले की तरह सुबह करीब 9 बजे चलाया जाए। और बनगाई स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू किया जाए।

गोंडा जिले के बनगाई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर क्षेत्र के छात्र नेताओं और समाजसेवियों ने आवाज तेज कर दी है। ट्रेनों की समय-सारणी में बदलाव और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव समाप्त होने से दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे के नए बदलाव से खास तौर पर वे लोग प्रभावित हुए हैं। जो रोजाना पढ़ाई, नौकरी, व्यापार और अन्य काम के लिए गोंडा आते-जाते हैं। क्षेत्र के लोगों के मुताबिक ट्रेन संख्या 75109 और 75110 की समय-सारणी में बदलाव का सीधा असर दैनिक यात्रियों पर पड़ा है। पहले बनगाई स्टेशन पर ट्रेन संख्या 75109 का आगमन सुबह करीब 6:38 बजे होता था। जबकि ट्रेन संख्या 75110 सुबह करीब 9:08 बजे स्टेशन पर पहुंचती थी। इस समय का सबसे अधिक फायदा एमएसटी धारकों को मिलता था। छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और दैनिक मजदूरों के लिए सुबह की यह ट्रेन गोंडा पहुंचने का सुविधाजनक साधन थी।
अब ट्रेन के समय में बदलाव कर इसे करीब 10:50 बजे कर दिया गया है। यात्रियों का कहना है कि इस समय ट्रेन मिलने से उनके लिए समय पर गोंडा पहुंचना मुश्किल हो गया है। ऐसे में उन्हें बस, ऑटो या दूसरे निजी साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे यात्रा का खर्च भी बढ़ रहा है और समय भी अधिक लग रहा है।

स्टेशन मास्टर को ज्ञापन देते साहबदास गुप्ता

पुरानी समय-सारणी बहाल करने की मांग

यात्रियों की ओर से रेलवे को भेजे गए ज्ञापन में बनगाई स्टेशन पर बहराइच से गोंडा जाने वाली ट्रेन का ठहराव सुबह करीब 9 बजे सुनिश्चित करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि इस समय ट्रेन मिलने पर छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, व्यापारी और अन्य यात्री आसानी से अपने काम के लिए गोंडा पहुंच सकते हैं। इसी तरह गोंडा से बहराइच जाने वाली ट्रेन का बनगाई स्टेशन पर शाम करीब 5:30 बजे ठहराव किए जाने की मांग रखी गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समय भी दैनिक यात्रियों के लिए काफी उपयोगी रहेगा।

रेलवे बोर्ड परामर्श सदस्य पंकज श्रीवास्तव छात्र नेता अंकित शुक्ला तथा अन्य छात्र फोटो सोर्स महेंद्र

इंटरसिटी के ठहराव को लेकर भी सवाल

बनगाई स्टेशन पर पहले गोरखपुर-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव होने की बात भी यात्रियों ने उठाई है। इसके अलावा वाराणसी सिटी-बहराइच वाया गोरखपुर चलने वाली ट्रेन संख्या 05131 और 05132 का भी यहां ठहराव होता था। यात्रियों के अनुसार इन ट्रेनों का विस्तार नेपालगंज तक किए जाने के बाद बनगाई में ठहराव समाप्त कर दिया गया। अब क्षेत्र के लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब ट्रेन के पुराने रूट पर बनगाई स्टेशन पर ठहराव था, तो नेपालगंज तक विस्तार के बाद इसे क्यों खत्म किया गया। लोगों की मांग है कि रेलवे यात्रियों की संख्या और स्थानीय जरूरत को देखते हुए दोबारा ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराए।

गोंडा स्टेशन पर ज्ञापन देने पहुंचे पंकज श्रीवास्तव अंकित शुक्ला सहित अन्य

हजारों लोगों ने किया हस्ताक्षर

छात्र नेता अंकित शुक्ला और समाजसेवी साहब दास गुप्ता ने इस संबंध में प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, डीआरएम और रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर जनहित में ट्रेनों के समय और ठहराव की व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। मांग के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। दावा है कि अभियान में हजारों लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं।
लोगों का कहना है कि बनगाई स्टेशन से आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण जुड़े हैं। देवीपाटन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग भी रेल सेवा पर निर्भर हैं। यदि रेलवे प्रशासन ने मांगों पर जल्द विचार नहीं किया तो जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Updated on:
10 Sept 2026 06:05 pm
Published on:
10 Sept 2026 06:05 pm