
Gonda Crime:गोंडा जिले में एक युवती को शादी का झांसा देकर दुराचार करने के आरोप में पुलिस ने छह महीने बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नूर आलम श्रावस्ती जिले का रहने वाला है। आरोप है कि वह युवती को एक होटल में ले गया था। जहां उसके साथ गलत काम किया। मामले में केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया है।
गोंडा जिले में युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव का रहने वाला नूर आलम पुत्र ननके उर्फ गुलजार अली के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार, 25 नवंबर को उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जरूरी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पीड़ित युवती के पिता ने 20 जुलाई 2026 को कोतवाली देहात थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 30 मई 2026 को उनकी दूसरी पत्नी उनकी पहली पत्नी की बेटी को ऑटो रिक्शा से लेकर बलरामपुर गई थी। वहां बस स्टेशन पर नूर आलम और जाकिर नाम के दो युवक मिले थे।
आरोप है कि इसके बाद नूर आलम युवती को अपने साथ श्रावस्ती जिले के एक होटल में ले गया। वहां उसने युवती को शादी करने का भरोसा दिया और उसके साथ दुराचार किया। घटना की जानकारी होने पर युवती के पिता ने पुलिस से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित के पिता की शिकायत पर कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की खोजबीन शुरू किया। लेकिन वह बीते 6 महीने से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। आरोपी नूर आलम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थी। पुलिस के लगातार प्रयास के बाद बुधवार को आरोपी के श्रावस्ती स्थित घर पर मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। उसे न्यायालय के सामने पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।