गोंडा के निजी अस्पताल का मामला, सूचना पर पहुंची पुलिस ने लिया सख्त एक्शन...
गोंडा. एक प्राइवेट हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद मरीज के परिजनों व हॉस्पिटल के कर्मचारियों के बीच जमकर लात-घूंसे, लाठी-डंडे चले। मारपीट की घटना हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। अस्पताल कर्मचारियों और मृतक के परिजनों ने बीच बढ़ता हुआ हंगामा देखकर अस्पताल में मौजूद एक व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शान्त किया और सीसीटीवी खंगाल कर जांच शुरू कर दी है।
मामला मुख्यालय के निजी अस्पताल आशादेव मेमोरियल का है। यहां एक मरीज की मौत की बाद जमकर मारपीट हुई। हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने मृतक परिजनों पर जमकर लाठी डंडे चलाए, जिससे मृतक के परिजनों को गंभीर चोटें आ गईं। इनमें से एक के कई दांत टूट गए।
मरीज की मौत, डॉक्टरों ने थमा दिया बिल
मृतक के परिजनों ने हार्निया बीमारी से पीड़ित अपने मरीज को इस हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज के प्रति को रिस्पांस नहीं दिया। इससे मरीज की मौत हो गई। मरीज के भर्ती होने के 24 घंटे बाद भी मरीज के हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, लेकिन इन 24 घंटे के अंदर ही हॉस्पिटल का बिल 6000 जरूर पहुंच गया।
बढ़ी बात तो हुआ हंगामा
मृतक परिजनों ने हॉस्पिटल प्रशासन व डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया तो अस्पताल के डॉक्टर व कर्मचारी परिजनों पर भड़क गए। इससे दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया की नौबत मारपीट तक आ गई। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
हॉस्पिटल संचालक ने किया बचाव
मरीज की मौत पर हुए हंगामे पर हॉस्पिटल संचालक बहानेबाज़ी करते हुए कहा कि समाज का ताना बाना ऐसा है कि लोग आरोपी और कटघरे के बीच लोग देखने लगते है। इसी कारण कर्मचारी मरीज के परिजनों के बीच मारपीट हुई है। डॉक्टर ने अपने कर्मचारियों को बचाते हुए कहा कि परिजनों को कर्मचारियों ने समझाने की कोशिश की थी, परिजनों की तरफ से शुरुआत की गई इसलिए ये नौबत आई। सूचना पाकर हॉस्पिटल में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
देखें वीडियो...