गोंडा

PM किसान लाभार्थियों के लिए नई अनिवार्यता, 30 जून तक करानी होगी E-KYC, वरना रुक सकती है किस्त

Prime Minister Kisan Samman Nidhi Scheme: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के लिए जरूरी जानकारी सामने आई है। इस योजना का लाभ जारी रखने के लिए किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

2 min read
Jun 06, 2026
फाइल फोटो पत्रिका
फाइल फोटो- पत्रिका

PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए जरूरी खबर है। केंद्र सरकार ने योजना में पारदर्शिता और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाने के लिए सभी किसानों को वार्षिक ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिन किसानों ने पिछले एक साल में ई-केवाईसी नहीं कराई है। उन्हें 30 जून 2026 से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर अगली किस्त रुक सकती है।

केंद्र सरकार ने योजना को अधिक पारदर्शी बनाने और केवल पात्र किसानों तक ही लाभ पहुंचाने के लिए सभी लाभार्थियों के लिए हर साल ई-केवाईसी कराना जरूरी कर दिया है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए यह प्रक्रिया 30 जून 2026 तक पूरी करनी होगी। गोंडा के उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। लेकिन जिन किसानों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी। उनकी अगली किस्त अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।

ई-केवाईसी के कई आसान विकल्प उपलब्ध

किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने ई-केवाईसी के कई आसान विकल्प उपलब्ध कराए हैं। किसान अपने मोबाइल फोन में पीएम किसान ऐप के जरिए घर बैठे फेसियल ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी जन सेवा केंद्र (सीएससी) पर जाकर बायोमैट्रिक ई-केवाईसी भी कराई जा सकती है। कृषि विभाग के कर्मचारी भी न्याय पंचायत और विकास खंड स्तर पर किसानों की मदद कर रहे हैं।

इनके लिए सबसे जरूरी ई-केवाईसी, बिल्कुल ना करें इंतजार

अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों ने 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच ई-केवाईसी नहीं कराई है। उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। अंतिम तारीख का इंतजार करने पर भीड़ बढ़ सकती है। तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

फिर शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया, फार्मर रजिस्ट्री कराना होगा अनिवार्य

इसके साथ ही उन किसानों के लिए भी राहत की खबर है। जो वर्ष 2019 से पात्र होने के बावजूद किसी कारणवश योजना का लाभ नहीं ले सके। भारत सरकार ने ऐसे किसानों के लिए दोबारा आवेदन की सुविधा शुरू कर दी है। हालांकि आवेदन करने से पहले फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य होगा। कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री का काम पूरा कर लें। ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Published on:
06 Jun 2026 11:56 pm