बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह राजनीति में कदम रखने को लेकर चर्चा में हैं।
UP Politics: बाहुबली नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह भी अपने पिता की तरह सुर्खियों में रहती हैं। शालिनी सिंह एक कवयित्री हैं और हाल ही में उन्होंने एक किताब भी लिखी है। अब राजनीतिक गलियारों में उनकी चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि वह भी अपने पिता और भाइयों की तरह राजनीति में कदम रख सकती हैं।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर खबरें चल रही हैं कि शालिनी सिंह नोएडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। इस बारे में 'इंडिया टुडे ग्रुप' ने जब उनसे सवाल पूछा तो शालिनी सिंह ने साफ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अभी तो यह समझ नहीं आ रहा है कि हमने मन बनाया है या नहीं। अगर परिस्थितियां ऐसी बनती हैं तो हमने मना भी नहीं किया है।
शालिनी सिंह का यह बयान आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा और तेज हो गई है। लोग अब यह जानने को उत्सुक हैं कि क्या बृजभूषण परिवार की बेटी भी चुनावी मैदान में उतरेंगी।
मीडिया चैनल से बात करते हुए शालिनी सिंह से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी अखिलेश यादव या यादव परिवार के किसी सदस्य से मुलाकात की है। इसके जवाब में शालिनी सिंह ने कहा कि उनकी कभी सीधे मुलाकात नहीं हुई है। लेकिन उन्होंने बताया कि उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह के मुंह से हमेशा मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के बारे में अच्छी बातें ही सुनती आई हैं। शालिनी सिंह ने आगे कहा कि पापा अखिलेश जी को बहुत प्यार करते हैं। दोनों के बीच आपसी सम्मान और प्रेम का रिश्ता है।
शालिनी सिंह ने बताया कि यह रिश्ता राजनीति से ऊपर है और कुश्ती से जुड़ा हुआ है। मुलायम सिंह यादव कुश्ती के बहुत बड़े प्रेमी थे। उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह भी कुश्ती से गहराई से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कई दंगल आयोजित किए हैं। इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच गहरा प्रेम और सम्मान का भाव है। शालिनी सिंह ने जोर देकर कहा कि उनके पिता और अखिलेश यादव के बीच का यह रिश्ता सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत है।
अभी शालिनी सिंह ने राजनीति में आने को लेकर पूरी तरह साफ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अगर सही समय और सही परिस्थिति बनी तो वह चुनाव लड़ने से मना नहीं करेंगी। बृजभूषण शरण सिंह दोनों बेटे पहले से ही राजनीति में हैं, अब उनकी बेटी की एंट्री हो सकती है।