
UP Rains Alert: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर एक बार फिर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार को 57 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। देवीपाटन और गोरखपुर मंडल के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं 4 अगस्त से 6 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। रविवार को विभाग ने प्रदेश के 57 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 अगस्त से 10 अगस्त के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। वही पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से सरयू घाघरा गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान समय में घाघरा नदी खतरे के निशान से महज 15 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
मौसम विभाग ने बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर और सोनभद्र समेत प्रदेश के 57 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है। मानसूनी ट्रफ उत्तर प्रदेश की ओर सक्रिय हो रही है। इसी वजह से बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। सबसे पहले तराई के जिलों में बारिश का असर दिखेगा। इसके बाद मध्य, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दायरा बढ़ जाएगा।
4 अगस्त से कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है। किसानों को भी खेतों में काम करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी देखने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी। उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और छोटे नालों व नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरत होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।