गोंडा

विनेश फोगाट के पोस्ट पर बृजभूषण का शायराना पलटवार, कुश्ती जगत में फिर छिड़ी नई जंग

Gonda News: गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग प्रतियोगिता से बाहर होने के बाद महिला पहलवान विनेश फोगाट और बृजभूषण सिंह के बीच सोशल मीडिया पोस्ट पर बयान बाजी तेज हो गई है। हालांकि यह जंग बिना नाम लिए चल रही है।

2 min read
May 10, 2026
पहलवानों का हाथ मिलवाते बृजभूषण सिंह फोटो सोर्स x अकाउंट
पहलवानों का हाथ मिलवाते बृजभूषण सिंह फोटो सोर्स x अकाउंट

महिला पहलवान Vinesh Phogat और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh के बीच एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। गोंडा में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता से विनेश को बाहर रखे जाने के बाद दोनों पक्षों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिना नाम लिए एक-दूसरे पर तंज कसे। इसके बाद खेल जगत में इस विवाद को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

यूपी के गोंडा जिले में स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में रविवार से सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष Sanjay Singh और पूर्व सांसद Brij Bhushan Sharan Singh ने किया। प्रतियोगिता में देशभर के पहलवान हिस्सा लेने पहुंचे। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा महिला पहलवान Vinesh Phogat को लेकर रही।

उन्हें झुकाने की ताकत किसी में नहीं

दरअसल, विनेश फोगाट इस प्रतियोगिता के जरिए एक बार फिर घरेलू कुश्ती में वापसी करना चाहती थीं। लेकिन उन्हें प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि जिंदगी मुश्किल दौर से गुजर रही है। लोग उनके व्यक्तित्व में कमियां तलाश रहे हैं। लेकिन उन्होंने हमेशा अपना सिर ऊंचा रखा है। उन्हें झुकाने की ताकत किसी में नहीं है।

जिसके सहारे पर कोई बैठा, वह कभी भी टूट सकता

विनेश की इस पोस्ट के कुछ समय बाद Brij Bhushan Sharan Singh ने भी X पर एक शेर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि शोहरत ज्यादा समय तक स्थायी नहीं रहती और जिस सहारे पर कोई बैठा है। वह कभी भी टूट सकता है। दोनों नेताओं और खिलाड़ियों के इन पोस्ट को एक-दूसरे पर इशारों में जवाब माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय कुश्ती संघ ने Vinesh Phogat को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन पर अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। इसी वजह से उन्हें 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।

पेरिस ओलंपिक में बाहर होने के बाद संन्यास लेने की थी घोषणा

गौरतलब है कि वर्ष 2024 के पेरिस ओलंपिक में ज्यादा वजन पाए जाने के कारण विनेश फोगाट फाइनल मुकाबले से बाहर हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। अब उनकी संभावित वापसी और संघ के साथ बढ़ते विवाद ने भारतीय कुश्ती में नई बहस छेड़ दी है।

Published on:
10 May 2026 10:44 pm