
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट (Pic-ANI)
गोंडा में रविवार से शुरू हो रही नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता से ठीक एक दिन पहले स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट मुश्किलों में घिर गई हैं। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर फिलहाल प्रतियोगिता में भाग लेने से रोक दिया है। महासंघ ने पेरिस ओलंपिक में वजन विवाद, एंटी-डोपिंग नियमों के कथित उल्लंघन और चयन ट्रायल्स में नियम तोड़ने जैसे गंभीर मामलों पर जवाब तलब किया है।
गोंडा जिले में रविवार से आयोजित होने जा रही नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता शुरू होने से पहले बड़ा विवाद सामने आ गया है। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) ने देश की चर्चित महिला पहलवान विनेश फोगाट को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए प्रतियोगिता में उनकी एंट्री पर फिलहाल रोक लगा दी है। शनिवार जारी नोटिस में महासंघ ने कई गंभीर बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। WFI ने साफ कहा है कि विनेश फोगाट भारतीय टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा ले चुकी हैं। इसलिए वे महासंघ के अनुशासनात्मक दायरे में आती हैं। इसी आधार पर उनसे अलग-अलग मामलों में जवाब मांगा गया है।
नोटिस में सबसे अहम मुद्दा पेरिस ओलंपिक 2024 से जुड़ा बताया गया है। महासंघ के अनुसार, 7 अगस्त 2024 को हुए दूसरे आधिकारिक वजन परीक्षण के दौरान विनेश निर्धारित वजन सीमा में नहीं आ सकीं। इसके बाद यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के नियमों के तहत उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। WFI का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से भारतीय दल और देश की छवि को नुकसान पहुंचा। महासंघ ने पूछा है कि इस स्थिति को संभालने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए थे। इसके अलावा नोटिस में एंटी-डोपिंग नियमों के कथित उल्लंघन का भी जिक्र किया गया है। महासंघ के मुताबिक इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से 4 मई 2026 को भेजे गए पत्र में 18 दिसंबर 2025 के एक रिकॉर्डेड मिस्ड टेस्ट का उल्लेख किया गया था। साथ ही सितंबर 2024 में सामने आए कथित व्हेयरअबाउट्स उल्लंघन और NADA नोटिस को लेकर भी जवाब मांगा गया है।
WFI ने विनेश से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि क्या उन्होंने आधिकारिक रूप से UWW Registered Testing Pool से अपना नाम हटवाया था या फिर संन्यास से जुड़ी कोई प्रक्रिया पूरी की थी। यदि ऐसा किया गया है तो उससे संबंधित दस्तावेज और पत्राचार भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। महासंघ ने चयन ट्रायल्स को लेकर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि 11 मार्च 2024 को पटियाला स्थित NIS में हुए ट्रायल्स के दौरान विनेश ने दो अलग-अलग भार वर्गों में हिस्सा लिया। जो नियमों के खिलाफ माना गया।
WFI ने विनेश फोगाट को 14 दिनों के भीतर लिखित जवाब देने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्हें अनुशासन समिति के सामने व्यक्तिगत रूप से अपना पक्ष रखने का मौका भी दिया गया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि विनेश इस नोटिस का क्या जवाब देती हैं और क्या उन्हें आगामी प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति मिल पाएगी।
Updated on:
09 May 2026 07:36 pm
Published on:
09 May 2026 07:32 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
