गोंडा

‘रात में आया मौत का फोन’, 4 साल पहले हुई शादी, फिर खत्म हो गई जिंदगी; गोंडा की वारदात से सन्न रह गया परिवार

Gonda Dowry Harassment Case: गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से परेशान विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति, ससुर और देवर पर दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

2 min read
Jun 19, 2026
Woman suspicious death in Gonda
गोंडा में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत (फाइल फोटो- पत्रिका)

Gonda Dowry Harassment Case: गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पुलिस ने पति, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां एक विवाहिता की मौत के बाद उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, खोड़ारे थाना क्षेत्र के केशवनगर ग्रांट पूर्वी उल्लाहवा गांव के रहने वाले अर्जुन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब चार वर्ष पहले उन्होंने अपनी पुत्री रुमा यादव का विवाह खुटेहना सीतारामपुर ग्रांट के जोखन के साथ किया था।

विवाह के दौरान उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार नगदी, घरेलू सामान और अन्य उपहार दिए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। पिता का कहना है कि पति जोखन, ससुर ढेलई और देवर आए दिन रुमा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उसे अपमानित किया जाता था और कई बार मारपीट भी की जाती थी। इस वजह से वह लंबे समय से तनाव में रह रही थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

परिजनों के मुताबिक, लगातार बढ़ रही प्रताड़ना से तंग आकर रुमा ने 18 जून 2026 की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतका के ससुर ने रात में ही मायके पक्ष को उसकी मौत की जानकारी दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने क्या कहा?

खोड़ारे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, ससुर और देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
19 Jun 2026 08:38 pm