गोपालगंज

गोपालगंज में जिस जगह पिछले साल पत्नी ने तोड़ा था दम, ठीक उसी स्थान पर पति की भी चली गई जान

Husband-Wife Death at same place: गोपालगंज में 50 वर्षीय रबजान मियां की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनकी मौत ठीक उसी जगह हुई जहां उनकी पत्नी की मौत भी पिछले साल हार्ट अटैक से हुई थी। एक साल में एक ही जगह पर पति और पत्नी दोनों की हार्ट अटैक से मौत होने से सब हैरान हैं। 
2 min read
husband-wife death at same place
राबजान के साथ अस्पताल पहुंचे परिजन

Husband-Wife Death at same place:बिहार के गोपालगंज जिले के थावे पुलिस थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली कहानी सामने आई है। यहां जिस पवित्र त्योहार के मौके पर और जिस जगह पर पिछले साल एक महिला की हार्ट अटैक से मौत हुई थी, इस साल उसी जगह पर उसके पति की भी तड़पकर जान चली गई। लगातार दूसरे साल एक ही परिवार में, एक ही दिन और एक ही जगह पर हुई मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण हैरान हैं।

हार्ट अटैक से हुई मौत

यह घटना थावे पुलिस थाना क्षेत्र के मिरालीपुर गांव में बकरीद के मौके पर घटी। मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली गांव के रहने वाले चुल्हाई मियां के 50 वर्षीय बेटे रबजान मियां के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रबजान मियां को बकरीद के मौके पर बकरे की कुर्बानी की रस्म अदा करने के लिए खास तौर पर मिरालीपुर गांव बुलाया गया था।

अचानक गिर पड़े राबजान

परिवार वालों के अनुसार, माहौल त्योहार की खुशियों से भरा था और चारों ओर चहल-पहल थी। कुर्बानी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। जिस पल रबजान मियां ने रस्म अदा करने के लिए अपने हाथ में हथियार उठाया, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी और कुछ ही पलों में वह वहीं जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

रबजान को अचानक जमीन पर गिरते देख, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घबराहट में उनके परिवार वाले और गांव के अन्य लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर, डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मौत का कारण अचानक आया दिल का दौरा था।

इसी जगह पत्नी की भी हुई थी मौत

अस्पताल में रबजान के शोकाकुल और बेहाल परिवार वालों ने बताया कि यह कोई साधारण मौत नहीं थी, बल्कि एक बेहद ही अजीब इत्तेफाक था। ठीक एक साल पहले बिल्कुल ईद-उल-अज़हा के दिन इसी मीर अलीपुर गांव में और ठीक इसी जगह पर कुर्बानी की रस्म के दौरान रब्जान मियां की पत्नी को अचानक दिल का दौरा पड़ा था और उनकी वहीं पर मौत हो गई थी। अब ठीक एक साल बाद बिल्कुल उसी जगह पर उनके पति की भी ठीक वैसे ही मौत हो गई।

Updated on:
29 May 2026 07:30 am
Published on:
29 May 2026 07:29 am