
युवकों की पिटाई करते लोग (फोटो- वायरल वीडियो स्क्रीन ग्रैब)
Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर गोमांस लेकर जाने के आरोप में तीन मुस्लिम युवकों की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें गौ रक्षक दल के लोग तीनों युवकों को लाठी-डंडों से पीटते दिख रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है और मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस घटना का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्य सरकार और बिहार पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। राजद ने लिखा कि सिवान जिले के लकड़ी नबीगंज में तीन मुस्लिम युवकों पर गोमांस रखने का झूठा आरोप लगाकर तथाकथित एवं स्वघोषित गौ रक्षा दल के गुंडों ने उन्हें बेरहमी से पीटा और जान से मारने का प्रयास किया है।
राजद ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आगे लिखा, 'ऐसे मामलों में बिहार पुलिस का रवैया एकदम लचर और भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति के अनुरूप है। भाजपा सरकार से कार्रवाई की अपेक्षा करना ही बेकार है। अफवाहबाजी, ध्रुवीकरण, घृणा फैलाना और दंगा भड़काना BJP के DNA और राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।'
विपक्ष ने इस मामले के लिए सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। राजद ने कहा कि भाजपा की इस सांप्रदायिक राजनीति को बिहार में पांव पसारने में मदद करने का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को ही जाता है। जिन्होंने अपनी कुर्सी के लिए बिहार के भीतर इस जहरीली राजनीति को पसरने दिया है।
जदयू (JDU) पर हमला बोलते हुए राजद ने कहा कि आज बिहार में भाजपा की सरकार है, जदयू केवल सत्ता के लोभ में भाजपा से की दया पर भाजपा के पैरों से चिपका हुआ है। वैसे भी जेडीयू की कोई अपनी विचारधारा नहीं बची है, अब कुर्सी ही जदयू की एकमात्र विचारधारा है।
इस मामले को लेकर राजद की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तीखा बयान जारी किया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बिहार अब सांप्रदायिकता की नई प्रयोगशाला बनने के रास्ते पर अग्रसर हो चुका है। गौरक्षा के नाम पर कानून हाथ में लेने वाले गुंडों ने तीन बेकसूरों की जान लेने की कोशिश की।
प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल को याद दिलाते हुए नीतीश कुमार को घेरा और कहा, 'भाजपा सांप्रदायिकता का ज़हर बिहार में इसलिए फैला पा रही है क्योंकि नीतीश जी ने उसे खाद-पानी दिया है, वरना लालू जी ने तो नब्बे के दशक में ही इन ताकतों को समाप्त कर दिया था।' उन्होंने सीधे तौर पर बिहार पुलिस से सवाल पूछा कि क्या इस मामले में कोई दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी?
वायरल वीडियो में इस पूरे मामले को सिवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र से संबंधित बताया गया है। जिसके बाद, सीवान पुलिस ने इस मामले पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर बीफ़ (गोमांस) से जुड़ा एक वीडियो प्रसारित हो रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह घटना सीवान से संबंधित नहीं है, बल्कि यह गोपालगंज के बैकुंठपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आती है। इस संबंध में, गोपालगंज के बैकुंठपुर पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की वर्तमान में जांच की जा रही है,और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या असत्यापित जानकारी को साझा करने से बचें और शांति तथा सौहार्द बनाए रखें।
Published on:
17 May 2026 08:50 am
बड़ी खबरें
View Allगोपालगंज
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
