गोपालगंज

गोपालगंज में यूपी के डांसर की हत्या, फरमाइशी गाना न बजाने पर पेट में मारी गोली; मातम में बदला बारात का जश्न

Gopalganj Orchestra Dancer Murder: उत्तर प्रदेश के 32 साल के डांसर सोनू गौड़ की गोपालगंज में एक शादी समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा इवेंट में परफ़ॉर्म करते समय पेट में गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि तीन युवकों ने यह अपराध इसलिए किया क्योंकि उनके कहने पर गाना नहीं बजाया गया था। पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ़ FIR दर्ज की है और उनकी तलाश तेज़ कर दी है।

2 min read
gopalganj orchestra dancer murder
डांसर सोनू गोड़ (फाइल फोटो)

Gopalganj Dancer Murder: बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थानाक्षेत्र के पटोहवा जमुन्हा गांव में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा में परफॉर्म कर रहे उत्तर प्रदेश के एक डांसर (लौंडा डांसर) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शादी में शामिल तीन युवकों ने पहले एक खास गाना बजाने की मांग को लेकर झगड़ा किया और फिर बुरी नीयत से डांसर को जबरदस्ती स्टेज के पीछे वाले टेंट से खींचकर एक सुनसान जगह पर ले जाने की कोशिश की। जब डांसर ने इस विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके पेट में गोली मार दी।

यूपी से आई थी बारात, स्टेज पर चल रहा था नाच-गाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िले के बघौचघाट से पटोहवा जमुन्हा गांव में महेंद्र कुशवाहा के घर बारात आई हुई थी। बेटी की शादी के जश्न के दौरान मेहमानों और गांव वालों के मनोरंजन के लिए ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम रखा गया था। यूपी के देवरिया के रहने वाले 32 साल के सोनू गौड़ अपनी टीम के साथ स्टेज पर बेहतरीन परफॉर्मेंस दे रहे थे।स्वागत समारोह होने के बाद जश्न के माहौल में देर रात तक गाना-बजाना और डांस का प्रोग्राम चलता रहा।

सोनू के पेट में मारी गोली

ऑर्केस्ट्रा के मैनेजर रामनारायण यादव के अनुसार रात करीब 11 बजे तीन युवक शादी में आए मेहमानों की भीड़ में शामिल हो गए। वे डांसर सोनू गौड़ पर अपनी पसंद के गाने पर डांस करने का दबाव बनाने लगे। जब सोनू ने ऐसा करने से मना किया, तो उनके और उन युवकों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने के बाद सोनू आराम करने के लिए स्टेज के पीछे बने टेंट में चले गए। लेकि वे तीनों बदमाश भी उनके पीछे-पीछे टेंट में घुस गए।

मैनेजर के मुताबिक, बदमाशों की नीयत खराब थी और वे सोनू को जबरन पास की किसी सुनसान जगह पर ले जाना चाहते थे। एक युवक ने सोनू का हाथ पकड़ा और उन्हें बाहर खींचने की कोशिश की। जब सोनू ने विरोध किया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की, तो तीनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हाथापाई के बीच, एक युवक ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और सीधे सोनू के पेट में गोली मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले सोनू की मौत

जैसे ही गोली चलने की आवाज हुई, वहां अफरातफरी मच गई। इसी का फायदा उठाकर तीनों आरोपी भी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने खून से लथपथ और टेंट में गिरे सोनू गॉड को तुरंत पंचदेवरी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया।

3 अज्ञात के खिलाफ FIR

घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी की और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। ऑर्केस्ट्रा मैनेजर के लिखित बयान के आधार पर, हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत तीन अज्ञात स्थानीय युवकों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज की गई है।

Updated on:
19 Jun 2026 11:25 am
Published on:
19 Jun 2026 11:08 am