
गोरखपुर। पर्चा दाखिल होने के बाद नगर निगम चुनाव के उम्मीदवारों ने अपना जोर लगा दिया है। वे हर कीमत पर चुनाव का परिणाम अपने पक्ष में करने को आतुर हैं। मेयर उम्मीदवारों के साथ पार्षद उम्मीदवार भी सक्रिय हैं। जो पार्टियां चुनाव लड़ रहीं हैं, तकरीबन सभी ने मुस्लिम उम्मीदवारों को खड़ा किया है।
इन पार्टियों से 70 वार्डों के लिये 72 मुस्लिम उम्मीदवारों ने ताल ठोंकी है। इनमें सपा (22), पीस पार्टी (08), आप (06), कांग्रेस (12), बसपा (18), एआईएमआईएम (05) के साथ भाजपा का एक उम्मीदवार भी इनमें शामिल है।
पीस पार्टी, एमआईएम और आप ने तो मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में सिर्फ मुस्लिम उम्मीदवारों को ही उतारा है। सपा ने 68 वार्डों में उम्मीदवार उतरे हैं। इनमे से 22 क्षेत्रो में मुस्लिम उम्मीदवार खड़े किए हैं। भाजपा ने सिर्फ एक मुस्लिम उमीदवार (वार्ड चक्शा हुसैन) पर दांव लगाया है।
कांग्रेस ने 57 वार्डों में से 12 पर मुस्लिम उम्मीदवार उतरे हैं। नगर निगम का पहला चुनाव लड़ रही ‘आम आदमी पार्टी’ ने कुल 30 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं, इनमें 6 मुस्लिम उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। ‘पीस पार्टी’ ने केवल 11 वार्डो में उम्मीदवार खड़े किए हैं, इनमें से 8 मुस्लिम उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी जिन वार्डों को चुनाव के लिए चुना है, वे सभी मुस्लिम बहुल वार्ड हैं।
वर्ष 2012 में जीते थे 11 मुस्लिम पार्षद
पिछले चुनाव में 11 मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे। इनमें कुद्दुस अली (मानबेला), नजमा बेगम (नरसिंहपुर), जुबैर अहमद (सूर्यकुंडधाम), फरहा हुदा (चक्शा हुसैन), अमीरुद्दीन (रसूलपुर), मोहम्मद अख्तर (इलाहीबाग), सबीना खातून (दीवान बाजार), वहीदुन निशा (तिवारीपुर), मंजूर आलम (इस्माईलपुर), जियाउल इस्लाम (मुफ्तीपुर) और भोनू मुस्तफा (तुर्कमानपुर) शामिल हैं।
सपा के लिए विवादित हैं दो वार्ड
सपा ने नगर निगम के चुनाव में मुसलमानों के प्रति दरियादिली दिखाई है। 68 में से 22 मुस्लिम उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। दो वार्डों को विवादित मानते हुए किसी को टिकट ही नही दिया है। इसमें इस्माईलपुर काफी चर्चा में है।
ये हैं मुस्लिम बहुल वार्ड
चक्शा हुसैन, रसूलपुर, इलाहीबाग, तुर्कमानपुर, मुफ्तीपुर, नरसिंहपुर, दीवान बाजार, जाफरा बाजार, इस्माईलपुर, तिवारीपुर, पुराना गोरखपुर, अलीनगर, शेखपुर, अलहदादपुर, अंधियारीबाग, सूर्यकुंडधाम।
एक नजर में गोरखपुर नगर निगम
कुल मतदाता – 862705
पुरुष – 478098
स्त्री – 384607
कुल वार्ड – 70
मतदान केंद्र – 157
मतदान स्थल – 718