गोरखपुर

’18 साल के हो गए हैं तो मतदाता सूची में दर्ज कराएं नाम’, गोरखपुर डीएम ने युवाओं से की अपील

Gorakhpur news: मतदाता सूची में 32 लाख नाम दर्ज, पात्र लोगों को जोड़ने के लिए युवाओं को सौंपी जिम्मेदारी सेंट एंड्रयूज कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वालों से फॉर्म-6 भरने की अपील।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:04 PM IST
Up news, gorakhpur news
डीएम की अधिकारियों के साथ मीटिंग (सोर्स: अनूप शुक्ला)

Voters Awareness Programme: गोरखपुर जिले की करीब 57 लाख आबादी के हिसाब से मतदाताओं की संख्या लगभग 36 लाख होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान में करीब 32 लाख मतदाता ही दर्ज हैं। करीब चार लाख संभावित मतदाताओं का अंतर है। इस अंतर को कम करने के लिए प्रशासन ने युवाओं से मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

पात्र युवा मतदाता सूची में दर्ज कराएं नाम

शनिवार को सेंट एंड्रयूज कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवा तत्काल फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने परिवार, मोहल्ले और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करे, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

युवा मतदाताओं में 4 लाख की कमी

डीएम ने कहा कि जिले की आबादी में करीब 66 प्रतिशत लोग 18 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इस लिहाज से मतदाताओं की संख्या लगभग 36 लाख होनी चाहिए। 32 लाख के आसपास मतदाता दर्ज होने से करीब चार लाख का अंतर दिखाई दे रहा है। खासकर 18 और 19 वर्ष के युवाओं का पंजीकरण बढ़ाने की जरूरत है।

ECINet ऐप डाउनलोड करने की अपील

उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग की डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए ECINet ऐप डाउनलोड करने की अपील की। मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी, शिकायत और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 के बारे में भी बताया। नए मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल, ECINet ऐप, बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं।

इन अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में फॉर्म-6 के साथ अन्य निर्वाचन प्रपत्रों की जानकारी भी दी गई। नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में संशोधन, पता बदलने और पहचान पत्र में बदलाव के लिए फॉर्म-8 के इस्तेमाल की प्रक्रिया समझाई गई। डीएम ने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति केवल एक स्थान की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए और आवेदन में सही जानकारी दे।इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, कॉलेज के प्राचार्य आरएन सेमवाल सहित शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Updated on:
28 Nov 2026, 2:04 PM IST
Published on: