गोरखपुर

उपचुनाव में हार के बाद अब गोरखपुर के भाजपाइयों को मिला जश्न मनाने का मौका

ब्लाॅक प्रमुख की तीन सीटों पर सपाइयों को हटाकर भाजपा ने किया कब्जा
2 min read
• •
Updated: 18 Mar 2018, 8:08 AM IST
BJP won

गोरखपुर। सूबे की सत्ता में आने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर भी पार्टी के लोगों को आसीन करना शुरू कर दी है। अविश्वास लाकर सपा की कब्जे वाली सीटों पर भगवा लहराने के क्रम में शनिवार को भाजपा ने गोरखपुर की तीन ब्लाॅकप्रमुख की सीटों पर कब्जा जमाया। उपचुनाव में करारी हार के बाद गोरखपुर में तीन प्रमुख पद कब्जा कर पार्टी में जश्न मनाने का एक मौका मिल गया। तीन सीटों पर जीत के बाद भाजपाइयों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जीत की खुशी का इजहार किया।
कैंपियरगंज ब्लाॅक प्रमुख के पद पर भाजपा की निर्मला जायसवाल ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूर्व मंत्री व विधायक फतेह बहादुर सिंह सुबह से ही जमे रहे। विधायक फतेह बहादुर सिंह बीडीसी के साथ पहुंचे और वोटिंग पूरी होने तक तहसील मुख्यालय पर जमे रहे। कैंपियरगंज में सपा के रामेंद्र नाथ यादव ब्लॉक प्रमुख थे। उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव कुछ दिन पहले ही पास हुआ था। शनिवार को चुनाव कराया गया। भाजपा ने निर्मला जायसवाल तो सपा ने विक्रम यादव को प्रत्याशी बनाया था। यहां 137 बीडीसी में 125 ने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा प्रत्याशी ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 104 वोट बटोरे जबकि सपा प्रत्याशी विक्रम यादव को महज 17 वोट मिल सके। चार वोट अवैध करार दिए गए।

पिपराइच ब्लाॅक में भी भगवा फहरा, रिंकू देवी बनीं प्रमुख

पिपराइच ब्लाॅक प्रमुख पद की कुर्सी भी समाजवादी पार्टी से भाजपा ने छीन ली है। हालांकि, अविश्वास प्रस्ताव के बाद हुए चुनाव में सपा ने भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टककर दी। भाजपा की रिंकू देवी को 54 वोट मिले। जबकि समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सोनिया को 35 वोट ही मिल सके। पिपराइच में 94 बीडीसी हैं। सपा की ब्लाॅक प्रमुख मंजू पासवान के खिलाफ अविश्वास लाकर हटाने के बाद यहां चुनाव हुए।
उरुवा में सपा की पूर्व मंत्री की पारिवारिक सदस्य से छीनी कुर्सी

उरुवा में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री डाॅ.मोहसिन खान के भाई की पत्नी तस्लीम फातिमा प्रमुख थीं। उनको अविश्वास के बाद हटा दिया गया था। शनिवार को हुए इस सीट पर चुनाव में भाजपा के समर्थन से दुर्गावती देवी ने नामांकन किया था। 101 बीडीसी वाले इस ब्लाॅक में डाॅ.मोहसिन के परिवार के ही किसी के चुनाव लड़ने की बात कही जा रही थी। उधर, भाजपा प्रत्याशी की ओर से कई दिग्गज खजनी विधायक संतप्रसाद, पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी आदि डटे हुए थे। नामांकन खत्म होने तक दुर्गावती देवी के अलावा कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं आ सका। किसी अन्य के ताल नहीं ठोकने की वजह से बीजेपी समर्थित दुर्गावती देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

Published on: