निषाद पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर 22 मार्च को गोरखपुर में विशाल कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश भर से कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समाज के प्रबुद्ध लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी के अब तक के संघर्ष और उपलब्धियों को समाज के बीच रखा जाएगा
यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में आये विवादित प्रश्न पर कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि ये जितने अधिकारी, कर्मचारी काम कर रहे हैं, उनमें से अधिकतर अंदर से ''हाथी'', सायकिल व पंजा हैं और मजबूरी में वे ऊपर से कमल ओढ़कर नौकरी कर रहे हैं।
ये जान बूझकर अंदर से ऐसा लिख देते हैं कि समाज में विद्वेष पैदा हो। मैं मोदी, योगी से कहना चाहूंगा कि ऐसे लोगों के चेहरे से नकाब उतारें। जो अधिकारी कर्मचारी सामाजिक द्वेष फैलाते हैं, उनपर कड़ी कारवाई हो। बता दें कि प्रदेश के मत्स्य कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 22 मार्च को गोरखपुर में एक भव्य ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से आह्वान किया कि वे 22 मार्च को गोरखपुर में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाएं और समाज के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष को और मजबूत करें।