गोरखपुर

गोरखपुर में CM योगी ने दी ग्रीन सिटी रोड की सौगात, कहा- शहर में लगातार बन रहे हैं सड़क और फ्लाईओवर

CM Yogi Adityanath: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 70 करोड़ की लागत से बनी ग्रीन सिटी रोड का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सांसद रवि किशन के भोज और फिल्म का जिक्र करते हुए चुटकी भी ली।
2 min read
Aug 11, 2026
CM Yogi Adityanath, Gorakhpur Green City Road Inauguration, Gorakhpur News
CM योगी ने किया ग्रीन सिटी रोड का उद्घाटन (फोटो- CM योगी आदित्यनाथ/ सोशल मिडिया)

Gorakhpur Green City Road Inauguration: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर वासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए ग्रीन सिटी रोड का लोकार्पण किया। इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने सांसद रवि किशन पर चुटकी ली। उन्होंने मजाकिया लहजे में सांसद से पूछा कि आज आपने कुछ बोला क्यों नहीं लगता है ज्यादा लोगों को भोज दे दिया है।

मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि आप में से कितने लोग रवि किशन के भोज में गए थे। इसके बाद उन्होंने पूछा कि कितने लोगों ने रवि किशन की फिल्म काली बाबा देखी है। लोगों ने हाथ उठाकर सीएम के सवालों का जवाब दिया जिस पर मुस्कुराते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोनों में बराबरी है।

70 करोड़ की लागत से बनी है सड़क

सीएम योगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग 24 के गोरखपुर-सोनौली मार्ग से शुरू होकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बांध तक जाने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क का फीता काटकर उद्घाटन किया। करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण पर 69.58 करोड़ रुपये की लागत आई है। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-2 द्वारा तैयार की गई इस सड़क के दोनों ओर नालियों का भी निर्माण कराया गया है जिससे जलभराव की समस्या खत्म होगी। उद्घाटन के बाद इस मार्ग को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।

लखनऊ और सोनौली जाने में होगी आसानी

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस 2 किलोमीटर लंबी सड़क के बन जाने से लोगों को आने-जाने में काफी आसानी होगी। पहले रास्ता बहुत संकरा होने की वजह से यहां बस और ट्रक तक नहीं आ पाते थे जबकि इस मार्ग पर कई प्रमुख स्कूल भी स्थित हैं। सीएम ने कहा कि अब इस क्षेत्र के लोगों को अगर सोनौली, महाराजगंज या बलरामपुर की तरफ जाना है तो उन्हें शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा गोरखपुर

सीएम योगी ने बताया कि राजघाट पुल के पास ट्रांसपोर्ट नगर से माधोपुर तक फोरलेन सड़क बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही डोमिनगढ़ में एक नया फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी और लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में जगह-जगह फ्लाईओवर बन रहे हैं और अब शहर पूरी तरह से बदलता हुआ दिखाई दे रहा है।

एक महीने में मिली तीसरी बड़ी सौगात

गोरखपुर में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर यह तीसरी बड़ी सौगात है। इससे पहले 11 जुलाई को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से बनी भटहट बांसस्थान फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया था। इन सड़कों के बनने से मुख्य मार्गों पर यातायात का भारी दबाव कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जगह-जगह स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर सीएम योगी के स्वागत के लिए खड़े नजर आए। आखिर में मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।