गोरखपुर

अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध के बीच भारत एक ऐसा देश, जहां नहीं बढ़े पेट्रोलियम के दाम : सीएम योगी

CM Yogi Adityanath : गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा कि दुनिया में युद्ध के बावजूद भारत में पेट्रोलियम के दाम स्थिर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के 'नकारात्मक नैरेटिव' का मुंहतोड़ जवाब देने और यूपी की 36 लाख करोड़ की बढ़ती अर्थव्यवस्था पर गर्व करने का आह्वान किया।
3 min read
Feature image
सीएम योगी आदित्यनाथ, PC- Patrika

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि लगातार सत्ता से दूर रहने से हताश और निराश हो चुके विपक्ष की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चलाए जाने वाले नकारात्मक नैरेटिव का शब्दों की मर्यादा में रहकर मुंहतोड़ जवाब देने के लिए वे खुद को मुस्तैद रखें।

सीएम योगी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विपक्ष की तरफ से मनगढ़ंत आरोपों का एक नया वार शुरू होगा। उस पर प्रतिवार और उसका प्रतिवाद करने के लिए भाजपा की बूथ स्तर की टीम खुद को मजबूत रखे। सीएम योगी, रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के मालवीय नगर मंडल की तरफ से आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने सिंघड़िया स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमारे युवाओं को विकास भी करना है और विरासत का भी सम्मान करना है। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद जवानों को दुश्मन के मंसूबों का काम भी तमाम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे डबल इंजन सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करते हुए अपने बूथ पर सजग और सतर्क रहें।

कार्यकर्ता दें झूठे नैरेटिव का जवाब

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे हर दृष्टि से फेल होकर आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर तमाम प्रकार के निगेटिव नैरेटिव सेट करने का वे प्रयास करेंगे। इसका जवाब देने के लिए बूथ स्तर के कार्यकताओं को तैयार रहना होगा। निगेटिव नैरेटिव सेट करने की मंशा वाले लोगों के शासन में माफिया की गुंडागर्दी, फिरौती वसूली, बहन-बेटियों और व्यापारियों की असुरक्षा, पर्व-त्योहारों पर दंगे के चलते मातम जैसे माहौल के सभी दृश्य निकालने पड़ेंगे। पेपर की कटिंग्स निकालनी पड़ेगी। उस समय के दृष्टांत निकालने पड़ेंगे और शब्दों की मर्यादा में पूरी आक्रामकता के साथ जवाब देने के लिए अपने आप को तैयार करना होगा।

सोशल मीडिया पर अच्छे कंटेंट को करें प्रमोट

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी पॉजिटिव चीजों को आगे बढ़ाना है। अच्छे कंटेंट बनाकर हम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं। हर एक क्षेत्र में कुछ न कुछ नया हुआ है और उसको हम आगे बढ़ने का काम करेंगे। इससे स्वाभाविक रूप से हम डबल इंजन की सरकार के अभियान को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का कार्य कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति सदैव सत्य और सनातन के साथ रही है। प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, वीर अभिमन्यु, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और उनके चार पुत्रों, स्वामी विवेकानंद, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और वीर सावरकर के जीवन का उद्धरण देते हुए कहा कि ये सब उसी युवा ऊर्जा शक्ति के प्रतीक और प्रेरणा हैं जिन्होंने सब कुछ देश और धर्म के लिए किया।

13 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ पहुंची प्रदेश की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध का भी उल्लेख किया। कहा कि इससे दुनिया बुरी तरह प्रभावित है। सुपरपावर कहे जाने वाले अमेरिका में भी डीजल और पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार गुना बढ़ गए हैं। भारत के अगल-बगल जितने भी देश हैं उन सब में भी बहुत खराब स्थिति है। अकेले भारत है, जहां पेट्रोलियम पदार्थों का दाम नियंत्रण है। भारत के अंदर युद्ध का कोई प्रभाव नहीं है। ऐसा इसलिए है कि यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संवेदनशील सरकार है, जिसने स्थिति को नियंत्रण में कर रखा है। पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर देश में कहीं कोई समस्या नहीं है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था 13 लाख करोड़ रुपए की थी। नौ वर्षों में यह 36 लाख करोड़ रुपए हो गई है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार से बढ़कर एक लाख 20 हजार रुपए हो गई है। उनकी सरकार ने नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में इतनी सरकारी नौकरी नहीं मिल पाती, क्योंकि उनकी नीयत साफ नहीं थी। पैसे के बगैर कोई काम नहीं होता था। पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार के आगोश में था। आज नौकरियां बिना सिफारिश और बिना रुपए दिए मिलती हैं। अब योग्यता ही चयन का मानक है।

अकेले गोरखपुर में लगे 300 कारखाने

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में किसान आत्महत्या नहीं करता, क्योंकि किसान की आमदनी बढ़ी है। यूपी के युवा पलायन नहीं करते क्योंकि उनको नौकरी और रोजगार उसके आसपास के क्षेत्र में ही उपलब्ध होने लग गया है। अकेले गोरखपुर में बीते नौ सालों में 15 हजार करोड़ रुपए के निवेश से 300 से अधिक बड़े कारखाने लगे हैं और 50 हजार से अधिक नौजवानों को रोजगार प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हुए अभूतपूर्व विकास, रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, एयर कनेक्टिविटी और एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को भी विस्तार से समझाया।

उन्होंने प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी के आगामी दिनों में शिलान्यास होने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे यूपी के नौजवानों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने का भरपूर अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं को दो करोड़ टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण के लक्ष्य की चर्चा करते हुए बताया कि 50 लाख युवाओं को इसका लाभ मिल चुका है।

Updated on:
05 Apr 2026 08:03 pm
Published on:
05 Apr 2026 08:03 pm