गोरखपुर

गोरखपुर की सड़कों पर सीएम योगी की पैनी नजर, अधिकारियों को दोटूक- बारिश से पहले खत्म हो सारा काम

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एचएन सिंह चौक से जगेसर पासी चौराहे तक बन रही सड़क परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को एक महीने में काम पूरा करने का निर्देश दिया।
3 min read
May 16, 2026
cm yogi keeps close eye on roads gorakhpur
गोरखपुर की सड़कों पर सीएम योगी की पैनी नजर..

CM Yogi on Gorakhpur Roads: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एचएन सिंह चौक से हड़हवा फाटक होते हुए जगेसर पासी चौराहे तक बन रही टूलेन और फोरलेन सड़क परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को एक महीने के भीतर हर हाल में काम पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानसून शुरू होने से पहले सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सवाल किया कि क्या वे बारिश शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गति तेज की जाए और तय समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान शहरवासियों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

495 करोड़ रुपये की परियोजना का लिया जायजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोड़धोइया नाला परियोजना का निरीक्षण करने के बाद 495.24 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का जायजा लेने पहुंचे। सबसे पहले वह सूर्यवंशी टावर के पास रुके, जहां पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने उन्हें सड़क निर्माण का लेआउट मॉडल दिखाया। अधिकारियों ने सड़क की लंबाई, चौड़ाई और निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर विस्तार से चर्चा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आवागमन बाधित न हो, इसका रखें विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे लोगों को जाम या आवागमन में परेशानी न हो। सीएम योगी ने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी हालत में आम लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सड़क निर्माण क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा बनाने और ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर रखने की भी हिदायत दी।

मजबूत ड्रेनेज सिस्टम के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सड़क और आसपास के मोहल्लों में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कहीं भी पानी जमा नहीं होना चाहिए। इसके लिए हेड टू टेल मजबूत जलनिकासी व्यवस्था तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने बिजली के तारों को भूमिगत करने और सड़क किनारे स्ट्रीट लाइटों को व्यवस्थित तरीके से लगाने के भी निर्देश दिए ताकि सड़क आधुनिक और सुरक्षित दिखाई दे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी दिए अहम निर्देश

सूर्यवंशी टॉवर से आगे बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास रुके और वहां भी निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन नालों को कहीं भी खुला न छोड़ा जाए क्योंकि इससे हादसों का खतरा बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां भी निर्माण कार्य चल रहा हो, वहां पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हड़हवा फाटक क्षेत्र में जलभराव रोकने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हड़हवा फाटक के पास भी पहुंचे और वहां ड्राइंग मैप का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण इस तरह किया जाए जिससे एक तरफ यातायात लगातार चलता रहे। सीएम योगी ने विशेष रूप से हड़हवा फाटक क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि मानसून से पहले यहां सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए जाएं ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Updated on:
16 May 2026 09:43 am
Published on:
16 May 2026 09:43 am