
World COPD Day: क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 18 नवंबर को विश्व सीओपीडी दिवस मनाया जाता है। यह फेफड़ों की एक गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है। इस वर्ष की थीम 'बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान और प्रबंधन' रखी गई है। इसका उद्देश्य बीमारी के लक्षणों को समय रहते पहचानने और उचित देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
अनुमान है कि दुनिया भर में हर साल करीब 30 लाख लोगों की मौत सीओपीडी के कारण होती है। बढ़ती उम्र, तंबाकू के धुएं, वायु प्रदूषण, धूल और रसायनों के संपर्क में रहने से इसका खतरा बढ़ता है। धूम्रपान सीओपीडी का प्रमुख कारण है। सांस के जरिए शरीर में पहुंचने वाले जहरीले कण और गैसें भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती हैं। शोध के अनुसार, आनुवंशिक और पर्यावरणीय जोखिम कारकों का प्रभाव जीवनभर बना रह सकता है। इसके कुछ प्रभाव गर्भावस्था से ही शुरू होकर बचपन और किशोरावस्था तक जारी रहते हैं।
सीओपीडी के सामान्य लक्षणों में लगातार खांसी, सांस फूलना, सांस लेते समय घरघराहट और बार-बार छाती में संक्रमण होना शामिल है। शुरुआती लक्षणों को अक्सर लोग सामान्य खांसी या उम्र बढ़ने का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे बीमारी गंभीर रूप ले सकती है।
सीओपीडी की पहचान के लिए स्पाइरोमेट्री नामक सरल श्वास परीक्षण किया जाता है। इस जांच से फेफड़ों की कार्यक्षमता और सांस लेने की क्षमता का आकलन किया जा सकता है। समय पर जांच और उचित उपचार से बीमारी को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
सीओपीडी पूरी तरह ठीक नहीं हो सकती, लेकिन धूम्रपान छोड़कर, चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का नियमित सेवन कर, सक्रिय जीवनशैली अपनाकर और फेफड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले कारकों से बचकर इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। विश्व सीओपीडी दिवस का उद्देश्य लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अब फेफड़ों से जुड़ी एक बड़ी स्वास्थ्य आपातस्थिति की ओर बढ़ रहा है। डॉक्टरों ने जोर देकर कहा है कि बढ़ते प्रदूषण और COPD को रोकने के लिए कठोर क्लीन-एयर पॉलिसी, समय पर स्क्रीनिंग और जल्दी इलाज बहुत जरूरी है ताकि फेफड़ों की स्थायी खराबी और मौतों को रोका जा सके।