
UP Election 2027: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और 26-27 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग के संभावित दौरे को देखते हुए जिला निर्वाचन प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण और बूथवार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनावी तैयारियों का आकलन केवल बेहतर प्रदर्शन करने वाले बूथों से नहीं, बल्कि सबसे कमजोर बूथ की कार्यप्रणाली से भी होगा।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर बीएलओ पूरी जिम्मेदारी से काम करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी ईआरओ अपने विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करें। इसके लिए ईआरओ प्रतिदिन सुपरवाइजरों के साथ गूगल मीटिंग करेंगे, जबकि सुपरवाइजर अपने अधीनस्थ बीएलओ के कामकाज की समीक्षा करेंगे। बूथवार नए मतदाताओं के पंजीकरण, लंबित आवेदनों और सत्यापन की प्रगति पर रोज नजर रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 21 और 22 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत जिले के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया था। अब 28 और 29 नवंबर को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान बीएलओ अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के साथ 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे।
डीएम ने आम नागरिकों से भी मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाम दर्ज नहीं होने पर निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन करें। इसके लिए वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुनाल रस्तोगी, मुकुल खंडेलवाल, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, कैंपियरगंज के आलोक रंजन सिंह, बांसगांव के मलखान सिंह, गोला के मनीष कुमार, सहजनवां के नमन मेहता, एसीएम प्रथम पवन कुमार, अपर उप जिलाधिकारी सुदीप तिवारी, बीएसए धीरेन्द्र तिवारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।