गोरखपुर में चल रही विकास योजनाओं का आज डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कार्यदाई संस्थाओं से समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
गोरखपुर में चल रहे प्रमुख निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने कलेक्ट्रेट परिसर तथा एमपी पॉलिटेक्निक में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह तथा सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन का गहनता से परीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री मानक के अनुरूप होनी चाहिए और प्रत्येक चरण में तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम दीपक मीणा ने कार्यस्थल पर साफ-सफाई, श्रमिकों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के चलते आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था से अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा गया। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में चल रहे सभी महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि विकास परियोजनाएं समय से पूरी होकर जनता को उनका लाभ मिल सके।इस अवसर पर संबंधित विभागों के इंजीनियर, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।