गोरखपुर

सनकी आशिक का हाफ एनकाउंटर: पुलिस ने पैर में मारी गोली, आरोपी ने चाकू मारकर की थी प्रेमिका की हत्या

हत्यारोपी राजधारी ने बताया कि गोरखपुर में काम करने के दौरान उसकी पहचान बर्फी देवी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। बर्फी की नजदीकी किसी दूसरे व्यक्ति से हो गई थी इसी बात को लेकर हुए विवाद में उसने हत्या कर दी।
2 min read
May 09, 2026
police encounter
प्रेमिका की हत्या करने वाले का हाफ एनकाउंटर (फोटो सोर्स: पत्रिका)

गोरखपुर में शनिवार को पुलिस ने प्रेमिका की हत्या करके फरार चल रहे बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, मोबाइल और उसकी प्रेमिका के मंगलसूत्र का लॉकेट भी बरामद हुआ है। युवक की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बोधरवा मैनागढ़ निवासी राजधारी यादव के रूप में हुई है। वह गोरखपुर के हुमायूंपुर इलाके में स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में काम करता था।

क्या है पूरा मामला?

6 मई की सुबह छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव मिला था। महिला के पेट और गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए थे। SP सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। जांच में महिला की पहचान महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी मोतीचंद की पत्नी बर्फी देवी के रूप में हुई। महिला का शव मिलने की सूचना पर पहुंचे उसके भाई भुलई चौहान ने राजधारी यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी।

हत्यारोपी की लोकेशन मिलते ही पुलिस ने घेरा

एसपी के मुताबिक, शनिवार भोर में आरोपी की लोकेशन छावनी स्टेशन के पास मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेरे में ले लिया, पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाएं पैर में लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, कीपैड मोबाइल, स्मार्ट फोन और मृतका के मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया है।

प्रेमिका की दूसरे से नजदीकी बढ़ने का शक

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गोरखपुर में काम करने के दौरान उसकी पहचान बर्फी देवी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। इसी बीच उसे शक हुआ कि उसकी नजदीकी दूसरे से भी है। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने चाकू से हमला करके बर्फी देवी की हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।

Updated on:
12 May 2026 02:18 pm
Published on:
09 May 2026 03:31 pm