गोरखपुर

योगीराज में सजायाफ्ता बाहुबली को इस तरह मिल रहा वीआईपी ट्रीटमेंट

पूर्व मंत्री के विधायक पुत्र हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी

2 min read
amar mani
Ex Minister

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्री भले ही अपराधियों केे यूपी छोड़ने का ऐलान कर रहे हैं। भले ही ये लोग अपराधियों में खौफ का दावा कर रहे लेकिन जेल में होे या बाहर यूपी में बाहुबलियों की चांदी कट रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के जिले में जेल में बंद एक बाहुबली पूर्व मंत्री जब मेडिकल काॅलेज पहुंचे तो पूरा मेडिकल अमला उनकी आवभगत में लग गया। बताया यह जा रहा कि काफी देर तक मेडिकल काॅलेज के नेहरू चिकित्सालय के एसआईसी अपने कार्यालय में उनका सत्कार करते रहे और मिलने वालों का सिलसिला जारी रहा।
कवयित्री मधुमिता की हत्या मेें सजा काट रहे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि गोरखपुर जेल इन दिनों रह रहे हैं। जेल सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से अमरमणि और उनकी पत्नी को गर्दन में दर्द, चक्कर और घबराहट की शिकायत थी। जेल के डॉक्टरों से इलाज के बाद भी सुधार न होने पर दोनों को वहां के डाॅक्टर ने मेडिकल काॅलेज में इलाज कराने की सलाह दी थी।
डाॅक्टर की सलाह के बाद शुक्रवार को पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि को चाक चैबंद सुरक्षा घेरे में मेडिकल काॅलेज लेकर आया गया। बताया जा रहा कि मेडिकल काॅलेज पहुंचे पूर्व मंत्री सीधे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में पहुंचे। वहां काफी देर तक अंदर ही रहे। कुछ देर बाद एसआईसी कक्ष में ही मानसिक रोग व न्यूरो के डाॅक्टर्स को तलब किया गया। ये लोग आफिस में आए और वहीं जरूरी चेकअप किया। काफी देर तक यह दंपत्ति यहीं रहा, फिर वापस जेल चले गए।
उधर, मेडिकल काॅलेज के अस्पताल प्रशासन ने किसी प्रकार की वीआईपी ट्रीटमेंट से इनकार करते हुए कहा है कि दोनों को यहां लाया गया था। डाॅक्टर्स ने आवश्यक परामर्श और इलाज किया।

पूर्व की सरकार में ऐसी ही वीआईपी ट्रीटमेंट पर नप चुके हैं कई

सजायाफ्ता पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी पहले भी अपनी वीआईपी ट्रीटमेंट के लिए सुर्खियों में रह चुके हैं। पूर्व में भी वीआईपी सुविधा देने पर एसआईसी और डॉक्टर समेत कई पर कार्रवाई हो चुकी है।

योगी के करीबी होने का इस बार मिल रहा फायदा

नौतनवां से निर्दल विधायक अमन मणि त्रिपाठी इन दिनों सत्ता के काफी करीब हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना अभिभावक कहने वाले अमन मणि त्रिपाठी लगातार योगी के पक्ष और उनके राजनैतिक विरोधी पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी पर हमला बोल कर भी सुर्खियों में रह रहे हैं। बीते दिनों विधानसभा में भी उन्होंने पूर्व मंत्री पर हमला बोला था। चर्चा यह है कि योगी के करीब होने की वजह से अमन के पिता पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी पर पूर्ववर्ती सरकारों की तरह इस शासनकाल में भी सरकारी नजर ए इनायत होगी।

Published on:
26 May 2018 03:41 am