
Gorakhpur JE Held Hostage: यूपी में गोरखपुर के बिछिया क्षेत्र में आठ घंटे की बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान उपभोक्ताओं ने मोहद्दीपुर बिजली उपकेंद्र के जेई राजाराम मिश्रा को बंधक बना लिया। लोगों का कहना था कि जब तक खराब ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला जाएगा, तब तक जेई को नहीं छोड़ा जाएगा। सूचना मिलते ही एसडीओ और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसडीओ ने रात में ही नया ट्रांसफॉर्मर मंगवाया, लेकिन रात दो बजे तक करीब 500 घरों के लोगों को बिजली आने का इंतजार करना पड़ा।
मामला बिछिया स्थित हनुमान मंदिर के पास का है। यहां दो ट्रांसफॉर्मर लगे थे। आरोप है कि इनमें से एक ट्रांसफॉर्मर को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे मंदिर के पास लगा दूसरा ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो गया। इसके बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली गुल होने के बाद लोगों ने मोहद्दीपुर बिजली उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी समस्या बनी रही।
शाम करीब सात बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन वोल्टेज बेहद कम था। कुछ ही देर बाद बिजली फिर चली गई। परेशान उपभोक्ताओं ने दोबारा बिजली उपकेंद्र पर फोन किया। इसके बाद जेई राजाराम मिश्रा मौके पर पहुंचे। जेई के पहुंचते ही बिजली कटौती से नाराज लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। लोगों ने उन्हें घेर लिया और बंधक बना लिया। उनका साफ कहना था कि जब तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया जाता, तब तक जेई को नहीं छोड़ा जाएगा।
जेई को बंधक बनाए जाने की जानकारी मिलने पर एसडीओ धीरज कुमार और शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उपभोक्ता अपनी मांग पर अड़े रहे।
लोगों ने रातभर बिजली आने का इंतजार किया। सुबह करीब सात बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन कुछ देर बाद फिर बिजली गुल हो गई। बार-बार बिजली जाने के बाद इलाके में लो-वोल्टेज की समस्या भी शुरू हो गई। पूरे दिन बिजली का इंतजार करने के बाद बुधवार रात करीब 9 बजे उपभोक्ता राप्तीनगर ओल्ड बिजली उपकेंद्र पहुंच गए। वहां कोई अधिकारी नहीं मिला तो लोगों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। उपभोक्ता राम सिंह ने बताया कि रात व दिन दोनों समय बिजली गुल होने से परेशानी हो रही है। अभी भी बिजली नहीं है और पानी की भी दिक्कत है।