
Shubham Mishra Murder: गोरखपुर के जयंतीपुर गांव में गुरुवार सुबह घर के बाहर सो रहे 19 साल के BSc छात्र शुभम मिश्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र स्थित जयंतीपुर गांव में गुरुवार तड़के करीब 5 बजे एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई। घर के बाहर बरामदे में सो रहे 19 वर्षीय BSc प्रथम वर्ष के छात्र शुभम मिश्रा की अज्ञात हमलावर ने सिर पर चाकू से वार कर नृशंस हत्या कर दी।
वारदात के समय शुभम घर पर अकेला था। उसके पिता स्वदेश मिश्रा पिछले चार-पांच वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, और पूरा परिवार उनके इलाज व ट्रांसप्लांट के सिलसिले में लखनऊ गया हुआ था। बुधवार रात भोजन करने के बाद शुभम बाहर बरामदे में सोने चला गया था, जहां तड़के हमलावर ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
तड़के हुए हमले के बाद शुभम गंभीर हालत में मिला। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। CO खजनी अनुज सिंह के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश और हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
शुभम की मौत की सूचना लखनऊ में मौजूद परिवार को दी गई। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सुधा मिश्रा बेसुध हो गईं। परिजनों के मुताबिक, वह बार-बार शुभम के पास ले जाने की बात कह रही थीं। परिवार के लोग लखनऊ से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं।शुभम का शव फिलहाल घर के बाहर रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करेगी।