
Gorakhpur City Assembly Seat: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर शहर विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास कांग्रेस के प्रभाव से लेकर भाजपा के राजनीतिक वर्चस्व तक पहुंचा है। आजादी के बाद शुरुआती चुनावों में कांग्रेस ने यहां जीत दर्ज की। इसके बाद भारतीय जनसंघ और भाजपा ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत की।
वर्ष 1989 से भाजपा इस सीट पर प्रमुख राजनीतिक ताकत रही है। हालांकि 2002 में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। तब डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने अखिल भारत हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव जीतकर भाजपा के लगातार चार चुनावों में जीत के सिलसिले को तोड़ा था। इसके बाद भाजपा ने फिर सीट पर कब्जा जमाया। अब तक हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा आठ बार यहां जीत दर्ज कर चुकी है।
गोरखपुर विधानसभा सीट के शुरुआती चुनावी रिकॉर्ड में 1951 में गोरखपुर सेंट्रल का नाम दर्ज है। इस चुनाव में कांग्रेस के इस्तफा हुसैन विधायक चुने गए थे। 1957 में गोरखपुर नाम से दर्ज विधानसभा सीट पर भी उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद 1962 में कांग्रेस के नियामतुल्लाह अंसारी विधायक बने। वर्ष 1967 में भारतीय जनसंघ के यू. प्रताप ने जीत दर्ज कर कांग्रेस के वर्चस्व को चुनौती दी। हालांकि, 1969 में कांग्रेस के रामलाल भाई ने फिर सीट पर कब्जा कर लिया।
1974 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनसंघ के अवधेश कुमार ने जीत दर्ज की। 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर अवधेश कुमार श्रीवास्तव विधायक बने। इसके बाद 1980 और 1985 के चुनाव में कांग्रेस के सुनील शास्त्री ने लगातार जीत हासिल की।
वर्ष 1989 में भाजपा के शिव प्रताप शुक्ल ने पहली बार इस सीट पर जीत दर्ज की। इसके बाद 1991, 1993 और 1996 के विधानसभा चुनाव में भी वह लगातार विधायक चुने गए। इस तरह भाजपा ने लगातार चार चुनावों में गोरखपुर विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बनाए रखा।
वर्ष 2002 का विधानसभा चुनाव इस सीट के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण रहा। भाजपा ने तत्कालीन विधायक शिव प्रताप शुक्ल को उम्मीदवार बनाया था। वहीं, डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने अखिल भारत हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उन्हें 38,830 वोट मिले। सपा के प्रमोद कुमार टेकरीवाल 20,382 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि शिव प्रताप शुक्ल 14,509 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर चले गए।
इसके बाद 2007 में राधा मोहन अग्रवाल भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे और जीत दर्ज की। 2012 और 2017 में भी उन्होंने लगातार जीत हासिल की। इस तरह वह 2002 से 2017 तक लगातार चार बार विधायक बने। इनमें पहली जीत हिंदू महासभा और बाद की तीन जीत भाजपा के टिकट पर मिलीं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर शहर सीट से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और सपा प्रत्याशी शुभावती उपेंद्र दत्त शुक्ला को 1,03,390 वोटों के अंतर से हराया। योगी आदित्यनाथ को 1,65,499 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को 62,109 वोट मिले। इस जीत के साथ भाजपा ने सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
गोरखपुर विधानसभा सीट के पुराने चुनावी रिकॉर्ड में नाम और विधानसभा क्षेत्र के क्रमांक में बदलाव मिलता है। वर्ष 1951 के चुनाव में यह गोरखपुर सेंट्रल के नाम से दर्ज थी और इसका क्रमांक 301 था। 1957 में इसका नाम गोरखपुर दर्ज हुआ और क्रमांक 245 हो गया। इसके बाद 1962 में क्रमांक 195, 1967 और 1969 में 190 तथा 1974 से 1996 तक 185 रहा। वर्ष 2002 और 2007 के चुनाव में इसका क्रमांक 169 दर्ज किया गया।
वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद गोरखपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्गठन किया गया। इसके तहत गोरखपुर अर्बन (गोरखपुर शहर) को विधानसभा क्षेत्र संख्या 322 और गोरखपुर रूरल (गोरखपुर ग्रामीण) को संख्या 323 आवंटित की गई। गोरखपुर शहर की सीमा में नगर निगम के निर्धारित वार्ड शामिल किए गए। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस नए परिसीमन के आधार पर पहली बार चुनाव हुआ।