Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शादी के 6 महीने बाद ही गर्भवती पत्नी संग पति ने खुदकुशी कर ली है। मंगलवार सुबह दोनों का शव कमरे में मिला। आइए जानते हैं, क्या है पूरा मामला?
गोरखपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां एक दंपति की खुदकुशी से सनसनी मच गई। जानकारी के मुताबिक, बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गांव में मंगलवार की सुबह कमरे के अंदर पति का शव पंखे से लटका मिला, जबकि वहीं गर्भवती पत्नी का भी शव पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत जहर खाने से ह़ुई है, महिला के गले पर भी निशान है। सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मुकारीपुर गांव निवासी सादाब ने नवंबर 2025 में निकहत निशा से लव मैरिज की थी। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे सादाब की बहन उनके कमरे के बाहर पहुंची। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद सादाब की बहन ने कमरे के जंगले से झांककर देखा तो चीख निकल पड़ी। उसने भागते हुए घर के दूसरे सदस्यों को बताया कि कमरे में भाई की लाश लटक रही है। परिजनों ने अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। कमरे में सादाब का शव पंखे से लटक रहा था, जबकि निकहत निशा के मुंह से झाग निकल रहा था। सूचना पर बेलघाट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि निकहत ने जहरीला पदार्थ खाया था, जबकि सादाब ने फंदा लगाकर जान दी।
हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। परिजनों के अनुसार, निकहत गर्भवती थी। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। नव दंपती की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।