नगर निगम कार्यकारिणी के सभी 12 सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया
गोरखपुर। नगर निगम गोरखपुर में अर्से बाद बीजेपी बोर्ड में बहुमत पाने में सफल रही। सत्ता पक्ष और विपक्ष ने आपसी समझौता कर प्रत्याशी मैदान में उतारे और अपने-अपने प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन भी करा लिया। इस तरह नियत संख्या से कम पार्षद होने के बाद भी 12 में से सात सदस्य बीजेपी ने बनवा बहुमत वाला बोर्ड बना लिया।
बता दें कि भाजपा ने सात सदस्य निर्विरोध बनवा लिए तो समाजवादी पार्टी भी चार सदस्य बनवाने में सफल रही। जबकि बसपा ने एक को निर्विरोध चुनाव जीतवा लिया। कार्यकारिणी के सभी बारह सदस्यों का निर्वाचन निर्विरोध हुआ है।
नगर निगम बोर्ड की कार्यकारिणी के 12 सदस्यों का चुनाव शनिवार को संपन्न हुआ। निगम के जीते 70 पार्षदों के अलावा मेयर, नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले एमएलए, एमएलसी, संसद सदस्य, राज्यसभा सदस्य भी पदेन सदस्य होने की वजह से वोटर थे।
इस बार निगम के हुए चुनाव में 70 पार्षदों में बीजेपी के 27, सपा के 18, बसपा के पांच व कांग्रेस के दो पार्षद चुनाव जीते हैं। जबकि 18 निर्दलीय पार्षद भी चुनाव जीतने में सफल रहे थे।
शनिवार को हुए नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए 14 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें भाजपा प्रत्याशी के रूप में पार्षद ऋषि मोहन वर्मा, संजय श्रीवास्तव, जितेंद्र सैनी, राधेश्याम रावत, चंद्रशेखर सिंह, राजेश तिवारी, बृजेश सिंह छोटू व देवेंद्र गौड़ पिंटू ने पर्चा लिया। जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से संजय यादव, अशोक यादव, शहाब अंसारी, इरशाद व विश्वजीत त्रिपाठी ने नामांकन पत्र लिया। वहीं बहुजन समाज पार्टी से रीता यादव ने पर्चा लिया।
14 लोगों के पर्चा लेने के बाद मतदान की स्थिति आ गई। लेकिन इसके बाद दोनों तरफ से समझौते की स्थिति नजर आई। भाजपा व सपा के लोगों ने एक-एक पर्चा उठाने का फैसला लिया। तय होने के बाद भाजपा के राजेश तिवारी व सपा के इरशाद ने नामांकन नहीं किया। केवल 12 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसके बाद बीजेपी के सात, सपा के चार व बसपा की एक प्रत्याशी ने नामांकन किया और सभी निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
भाजपा के इन प्रत्याशियों का हुआ निर्विरोध निर्वाचन
पार्षद संजय श्रीवास्तव, ऋषि मोहन वर्मा, जितेन्द्र सैनी, राधेश्याम रावत, देवेन्द्र गौड़ पिंटू, बृजेश सिंह छोटू, चंद्रशेखर सिंह
समाजवादी पार्टी ने इन प्रत्याशियों को जीतवाया
पार्षद संजय यादव, शहाब अंसारी, अशोक यादव और विश्वजीत त्रिपाठी
बहुजन समाज पार्टी की भी एक सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
बहुजन समाज पार्टी ने पार्षद रीता यादव चुनाव जीतवा लिया।
वोटिंग की नौबत आती तो ये माननीय भी थे वोटर
नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में संयोग अच्छा था कि सत्ता पक्ष और विपक्ष में सहमति बन गई और सभी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। लेकिन अगर मतदान होता तो पांच माननीयों को भी वोट देने का अधिकार प्राप्त था। एमएलसी के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , राज्यसभा सदस्य के रूप में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल, विधायक डाॅ.राधामोहन दास अग्रवाल, विधायक विपिन सिंह व एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह नगर निगम क्षेत्र के निवासी होने की वजह से वोटर थे।