
Police Transffer List Of Gorakhpur Range: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच गोरखपुर पुलिस रेंज में बड़े पैमाने पर पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। डीआईजी डॉ. एस. चन्नप्पा ने 15 नवंबर को गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के कुल 67 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया है। इनमें गोरखपुर के 21, कुशीनगर के 20, देवरिया के 15 और महराजगंज के 11 निरीक्षक शामिल हैं।
तबादलों में सबसे अधिक लाभ कुशीनगर जिले को मिला है। यहां दूसरे जिलों से 24 निरीक्षक आएंगे, जबकि 20 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। वहीं गोरखपुर से सबसे अधिक 21 निरीक्षकों की विदाई हुई है। इनमें 11 को देवरिया, नौ को कुशीनगर और एक को महराजगंज भेजा गया है। दूसरे जिलों से 11 निरीक्षकों की गोरखपुर में तैनाती की गई है।
डीआईजी कार्यालय के मुताबिक, लखनऊ मुख्यालय की ओर से 29 अक्टूबर को जारी निर्देश के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन निरीक्षकों का तबादला किया गया है, जिनकी एक ही जिले में पिछले चार साल के दौरान तीन साल की तैनाती 31 मई 2027 तक पूरी हो रही है। चारों जिलों से मिली सूचनाओं के आधार पर तबादला सूची तैयार की गई है। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान पुलिस व्यवस्था को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है।
देवरिया से 15 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें छह महराजगंज, सात कुशीनगर और दो गोरखपुर जाएंगे। इसके अलावा देवरिया में दूसरे जिलों से 18 निरीक्षकों की आमद होगी। इनमें गोरखपुर से 11, कुशीनगर से छह और महराजगंज से एक निरीक्षक शामिल हैं।
महराजगंज से 11 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इनमें आठ कुशीनगर, दो गोरखपुर और एक देवरिया भेजे गए हैं। वहीं महराजगंज में दूसरे जिलों से 14 निरीक्षक पहुंचेंगे। इनमें देवरिया से छह, कुशीनगर से सात और गोरखपुर से एक निरीक्षक शामिल हैं।
डीआईजी कार्यालय ने चारों जिलों के एसएसपी और एसपी को स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने और इसकी रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। रिलीव होने के बाद सभी निरीक्षक अपने नए तैनाती वाले जिले में कार्यभार संभालेंगे। चुनाव से पहले हुए इस फेरबदल को पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।