बचपन के तीन दोस्तों के दुश्मनी की दास्तां, सुनकर रह जाएंगे हैरान
गोरखपुर। आईपीएल, शराब, लड़की और दावत। इन्हीं कारकों केे सहयोग से गोरखपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक युवक को उसके बचपन के साथियों ने दावत पर बुलाया। आईपीएल देखते हुए छककर सबने शराब पी, दावत उड़ाया। फिर नशे की हालत में किसी मसले पर झगड़ते हुए गोली मार दी। गोली लगने के बाद आनन फानन में मेडिकल काॅलेज पहुंचाया और फिर वहीं छोड़कर भाग निकले। मेडिकल काॅलेज में डाॅक्टरों ने मृत घोशित कर दिया। मामला गुलरिहा थानाक्षेत्र का है।
हरसेवकपुर नम्बर दो चौहान टोला में संदीप चौहान पुत्र राजेश अपने गांव के ही दोस्त सन्नी चौहान और विकास चौहान के साथ दावत पर गया था। घरवालों के अनुसार उसने कहा था कि आईपीएल मैच साथ देखने के बाद वहीं दावत खाएगा और उसके बाद लौटेगा।
दोस्तों की पार्टी देर रात तक चलती रही। शराब का भी दौर चलता रहा। जब नशा चढ़ने लगा तो मित्रों के बीच किसी बात को लेकर तकरार शुरू हुई। बात इतनी बढ़ी कि कहासुनी में कब तमंचा निकल गया किसी को एहसास भी नहीं हुआ। देखते ही देखते किसी दोस्त ने तमंचा से फायर कर दिया और संदीप वहीं जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। उसके शरीर से खून के फौव्वारे निकलने लगे। दोस्त को तड़पता देख इनको होश आया। शोर मचाने लगे तो विकास के घरवाले पहुंचे। इन लोगों ने गाड़ी से मरणासन्न संदीप को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
उधर, इस हत्याकांड को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा कि तीनों बचपन के दोस्त थे। लेकिन बीते कुछ सालों से इन दोस्तों के बीच किसी लड़की को लेकर तकरार था। दबी जुबान गांव के लोग यह कहते हैं कि लड़की का मामला बहुत पहले का था। उस समय दोस्तों की आपत्ति पर संदीप गांव छोड़कर अपने पिता के साथ मुंबई कमाने चला गया था। वह इसी महीने गांव लौटा था। गांव के लोग बताते हैं कि वह विदेश जाने की तैयारी में था। वह पासपोर्ट बनवा रहा था। कुछ लोग यह भी बताते हैं कि इसी बीच वह लड़की से भी मिलने जाने लगा था। यह बात दोस्तों को फिर खटकने लगी थी। सूत्र बताते हैं कि इसी बात को लेकर उसके अन्य दो दोस्तों ने आईपीएल मैच और दावत के बहाने संदीप को बुलाया। शराब पिलाने के बाद गोली मार दी।
दोनों दोस्त आर्थिक रूप से मजबूत हैं
संदीप के दोनों दोस्त सन्नी व विकास आर्थिक रूप से मजबूत हैं। सनी चैहान हरिद्वार में मजदूरों की सप्लाई का ठेका चलाता है तो विकास प्रापर्टी डीलिंग व ट्रेवल्स एजेंसी का व्यवसाय करता है। संदीप चौहान अपने घर में सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर पर बहन नेहा और सबसे छोटा भाई शेखर है। पिता राजेश चौहान राजमिस्त्री का काम करते हैं। चाचा व अन्य घर केे पुरुष सदस्य मुंबर्इ रहते थे।