गोरखपुर में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हुआ, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोरखपुर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में भव्य, अनुशासित और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रहे। देशभक्ति के वातावरण में आयोजित इस समारोह की शुरुआत प्रथम परेड कमांडर अरुण कुमार एस द्वारा मुख्य अतिथि को परेड की सलामी देने के साथ हुई।
मुख्य अतिथि के आगमन पर एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज गोरखपुर एस. चनप्पा एवं डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान के साथ पूरे परेड ग्राउंड में देशभक्ति का संचार हो गया। इसके बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
एसएसपी ने एडीजी, डीआईजी, मंडलायुक्त, डिस्ट्रिक्ट जज व डीएम को किया सम्मानित
समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर द्वारा एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस.एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था, न्यायिक एवं प्रशासनिक समन्वय की सराहना की गई। परेड कमांडरों को स्मृति चिन्ह, जवानों को प्रशस्ति पत्र मुख्य अतिथि द्वारा दिया गया।
प्रथम परेड कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस,द्वितीय परेड कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक दिनेश गोदारा,तृतीय परेड कमांडर साजिद अली को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ है और युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा, “भारत किसी व्यक्ति या वर्ग का नहीं, बल्कि 140 करोड़ नागरिकों की चेतना है। आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है।”मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को न झुकने और न मिटने देने का संकल्प जमीन पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, आतंकवाद पर कड़ी कार्रवाई, विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी, सेना, किसानों और श्रमिकों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत विश्व को दिशा देने वाला अग्रणी राष्ट्र बनेगा।
गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पदक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित अधिकारी/कर्मचारी
गणतंत्र दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद गोरखपुर के कई पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी मुख्य अतिथि स्वतंत्रता दिवस सिंह ने सभी को सम्मानित किया।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन उप निरीक्षक सुनीता सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, विधायक प्रदीप शुक्ला, सभी पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वाले छात्र-छात्राओं को एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, डीएम ,एसएसपी की श्रीमति जी सम्मानित की।