गोरखपुर में एक बड़ी घटना सामने आई है यहां एक किशोरी को बेचने का मामला आया है। जानकारी के मुताबिक इंस्टाग्राम फ्रेंड ने होटल में किशोरी को ले जाकर दुष्कर्म किया और उसे छोड़कर फरार हो गया।
गोरखपुर में हैरान करने वाली घटना हुई है, यहां एक किशोरी का अपहरण करके होटल में बंधक बनाकर रेप और बाद में स्पा सेंटर को सौंप दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।गोरखनाथ पुलिस ने 22 दिन बाद नौसढ़ स्थित एक होटल से बालिका को बरामद कर लिया है।
इस मामले में पीड़िता के इंस्टाग्राम दोस्त के अलावा होटल मालिक, उसके मैनेजर और बड़हलगंज स्थित स्पा सेंटर के मैनेजर को शनिवार की सुबह गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में किशोरी का बयान दर्ज होने के बाद मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक गोरखनाथ क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी पांच जनवरी को रहस्यमय परिस्थिति में लापता हो गई थी। मां की सूचना पर गोरखनाथ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अपहरण के बाद बालिका को पहले गीडा क्षेत्र के नौसढ़ में स्थित एक होटल में तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। हालत बिगड़ने पर उसे जबरन दवाएं खिलाई गईं और फिर बड़हलगंज के एक स्पा सेंटर को सौंप दिया गया। बालिका का आरोप है कि स्पा सेंटर में भी उसे शोषण के लिए रखा गया।
तबीयत और खराब होने पर आरोपियों ने पहचान छिपाने के इरादे से उसे नौसढ़ के एक होटल में ले जाकर ठहरा दिया। 22 जनवरी को पुलिस को इस नेटवर्क की भनक लगी, जिसके बाद छापा मारकर बालिका को बरामद कर लिया गया।
SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।