
Serious blame on BJP Mahanagar adhyakash: भाजपा की वार्ड नंबर 18 गायत्री नगर, झरना टोला-कूड़ाघाट की पार्षद माया देवी ने भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने महानगर अध्यक्ष पर संगठनात्मक उपेक्षा, कार्यकर्ताओं को अपमानित करने, सरकारी कार्यों में अनियमितता और विरोध करने वालों को मुकदमों में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में माया देवी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर महानगर अध्यक्ष के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी शिकायत भेजी जाएगी।
माया देवी ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने निर्दल प्रत्याशी के रूप में नगर निगम पार्षद का चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने रमेश प्रताप गुप्ता को करीब 600 मतों से हराकर जीत हासिल की थी। इसके बाद वर्ष 2024 में उन्होंने अपने पति रामनाथ निषाद के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनका कहना है कि भाजपा में शामिल होने के बाद से वह पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं, लेकिन महानगर अध्यक्ष बनने के बाद से उन्हें लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना उन्हें नहीं दी जाती। जो कार्यकर्ता उन्हें कार्यक्रमों की जानकारी देते हैं, उन्हें भी ऐसा करने से रोका जाता है। महिला पार्षद होने के बावजूद उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे उनके साथ-साथ वार्ड के भाजपा कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी है।
पार्षद ने छठ घाट निर्माण को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि नगर निगम की भूमि पर निर्माण कराने के बजाय उनके पैतृक जमीन पर छठ घाट का अधूरा निर्माण कराया गया। इस निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये से अधिक खर्च होने की बात कही गई है। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, जमीन के स्वामित्व और सरकारी धन के खर्च की जांच कराने की मांग की। माया देवी का आरोप है कि इस मामले में विरोध करने पर उनके पति और सहयोगियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
उन्होंने वर्ष 2017 के नगर निकाय चुनाव का भी जिक्र किया। आरोप लगाया कि उस दौरान उनके पति रामनाथ निषाद के खिलाफ पुलिस के प्रभाव में हिस्ट्रीशीटर संबंधी कार्रवाई कराई गई थी। उनका कहना है कि चुनाव हारने के बाद से उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।
माया देवी ने फरवरी 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नीना थापा प्लेग्राउंड आगमन का उल्लेख करते हुए कहा कि वार्ड की निर्वाचित पार्षद होने के बावजूद उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। जबकि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वार्ड में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पार्षद ने वार्ड में सरकारी और गरीबों की जमीनों पर कब्जे तथा कथित भू-माफियाओं को संरक्षण दिए जाने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई 2026 को अपनी रजिस्ट्री की जमीन पर निर्माण कार्य कराने के दौरान गलत सूचना देकर पुलिस बुला ली गई। जमीन के दस्तावेज दिखाने के बावजूद उनके पति और भाजपा के करीब 10 से 11 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
हाल ही में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत के मामले को लेकर भी माया देवी ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके करीबी भाजपा कार्यकर्ता योगेश यादव और प्रकाश चंद्र राय उर्फ बबलू राय को साजिश के तहत इस मामले में नामजद कराया गया। उनका दावा है कि दोनों का समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने मामले में सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों की लोकेशन की जांच कराने की मांग की। माया देवी ने कहा कि योगेश यादव की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने से वार्ड के भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
माया देवी ने कहा कि महानगर अध्यक्ष के कथित व्यवहार से वार्ड के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। इसका असर पार्टी की छवि और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश नेतृत्व और भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संगठनात्मक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह पार्टी की निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का सम्मान करती हैं, लेकिन पार्टी और मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले कार्यों का विरोध करती रहेंगी।
इस संबंध में भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता का पक्ष जानने के लिए फोन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा। प्रेस वार्ता में पार्षद माया देवी की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।