गोरखपुर में हत्यारोपी की रिहाई पर लग्जरी गाड़ियों पर DJ के साथ जश्न मनाना आरोपी के दोस्तों को महंगा पड़ गया। जमानत पर छूटकर आया हत्यारोपी फरार हो गया, लेकिन खुशी में जश्न मना रहे उसके दोस्त जेल पहुंच गए।
गोरखपुर में जेल से जमानत पर छूटकर आए हत्यारोपी के दोस्तों को जुलूस निकालना महंगा पड़ गया। हत्यारोपी के लिए जेल से निकलने की खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिकी। दरअसल, जेल से निकलने के बाद आरोपी के दोस्त लग्जरी गाड़ी एवं कई बाइक पर सवार होकर आए और तेज आवाज में गाना बजाते हुए जुलूस निकाला। जूलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस एक्टिव हुई और आरोपी अमन के दोस्तों को पकड़कर जेल में बंद कर दिया।
कैंट थाना थाना क्षेत्र के सिंघड़िया निवासी अमन यादव उर्फ मक्कू एक हत्या के आरोप में दिसंबर 2025 से जेल में बंद था। जमानत के बाद अमन यादव 7 मई 2026 को जेल से बाहर आया था। जेल से रिहाई के बाद उसके दोस्तों ने जमकर जश्न मनाया था। पुलिस के मुताबिक, 2 दिसंबर 2025 की रात सिंघड़िया स्थित मूर्ति लॉन में शादी समारोह के दौरान कहासुनी हुई थी। इसी बीच झगड़ा छुड़ाने पहुंचे युव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या के इस मामले में कैंट थाना पुलिस ने सिंघड़िया निवासी अमन यादव उर्फ मक्कू और राज यादव समेत अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेजा था। हत्या के इस मामले में मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
जेल से रिहाई के बाद अमन के दोस्तों ने गाड़ियों के काफिले के साथ DJ पर भड़काऊ गाने बजाए। इस दौरान अमन के दोस्तों में हूटर बजाकर हुड़दंग किया और DJ पर भड़काऊ गाने बताते हुए रील बनाई। आरोपी के दोस्तों ने रील को इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट किया। इसके बाद रील वायरल हो गई।
अमन के दोस्तों द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई रील में 'इतनी गोली मारो कि प्रदेश के इतिहास में न चली हो…' और 'सब पर राज करेगा मालिक…' जैसे भड़काऊ गाने बज रहे थे। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने कूड़ाघाट निवासी अमन के दोस्त अन्नी कनौजिया, साहिल निषाद, सक्षम राव, अमित यादव और अनुराग अग्रहरी, झंगहा के गोपलापुर निवासी प्रभास यादव एवं देवरिया जिले के भटनी निवासी राहुल राज को गिरफ्तार किया है। हालांकि, अमन अभी भी फरार है।
SP सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मुख्य आरोपी अमन के साथ ही रील में दिख रहे अन्य युवकों की पहचान की जा रही है। लॉ एंड ऑर्डर को चुनौती देने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।