
गोरखपुर में शुक्रवार की सुबह नया पटना की टीम ने रेड मारी। अंतराष्ट्रीय मानव तस्करी गैंग के खिलाफ जांच में NIA टीम सुबह खजनी इलाके के सतुआभार गांव पहुंची। टीम ने यहां एक परिवार का सत्यापन किया। पूरे परिवार के आधार कार्ड की फोटो कॉपी लेने के साथ ही परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर टीम वापस लौट गई। रुपए की लेनदेन और मानव तस्करी के मामले की जांच में NIA पटना की टीम गोरखपुर पहुंची थी। तहसील प्रशासन और खजनी पुलिस को साथ लेकर टीम सतुआभार गांव पहुंची।
अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक यह गिराेह नाैकरी दिलाने के नाम पर लोगों विदेश भेजता है। फिर उसे पाकिस्तानी एजेंट के हवाले कर देता है। एजेंट जाल में फंसे भारतीय नागरिकों से मानव तस्करी और साइबर फ्राॅड का काम कराता है। शक है कि गैंग में शामिल लोगों का संबंध विदेशी तस्करों से भी है।
सबसे पहले सुबह पांच बजे NIA के अधिकारी खजनी थाने पहुंचे। यहां खजनी थाने की फोर्स लेकर सुबह छह बजे सतुआभार में परिवार के घर पहुंची। परिवार के मुखिया से पूछताछ कर परिवार के सदस्यों का सत्यापन किया और सभी के फोटो लिए।आधार कार्ड और सभी दस्तावेज का सत्यापन कराया। बताया जाता है कि परिवार का एक युवक विदेश में रहता है, उसके खाते में रुपये की लेनदेन होने के साथ ही आरोप है कि कई लोगों को गलत तरीके से विदेश भिजवाया है। तीन घंटे टीम गांव में रही। आसपास के लोगों से भी परिवार के बारे में जानकारी एकत्र कर रवाना हो गई।