भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “अति महत्वपूर्ण ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ अभियान” के क्रम में आज गोरखपुर भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
गोरखपुर में इस मुद्दे पर हुई बैठक में अभियान से जुड़े सभी क्षेत्रीय एवं जिला संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे। बैठक में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” अभियान के उद्देश्यों एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि " यह अभियान भाजपा के “कम चुनाव, ज़्यादा विकास” के संकल्प को आगे बढ़ाता है और राष्ट्रहित में अत्यंत आवश्यक है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस विषय का सीधा संबंध भारत के लोकतंत्र, उसकी मजबूती और जनता की सुविधा से है–“एक राष्ट्र, एक चुनाव”।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहाँ हर साल कहीं न कहीं चुनाव होते रहते हैं। इससे न केवल सरकारी धन और समय की खपत होती है, बल्कि विकास योजनाएँ भी प्रभावित होती हैं। इस पृष्ठभूमि में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” का विचार सामने आया है, जिसका भाजपा लंबे समय से समर्थन करती रही है।बार-बार चुनाव कराने से खर्च बढ़ता है, जिसे विकास कार्यों में लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ,इस अभियान के माध्यम से जनता को एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा से अवगत कराया जाएगा तथा इसे जन-जागरूकता अभियान के रूप में पूरे क्षेत्र में चलाया जाएगा।
बैठक में एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान की उत्तर प्रदेश टोली के सदस्य अभिषेक कौशिक ने कहा कि चुनावी आचार संहिता बार-बार लागू होने से नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन धीमा हो जाता है।
सुरक्षा बलों और प्रशासनिक मशीनरी पर लगातार चुनावी ड्यूटी का बोझ पड़ता है। जनता को भी बार-बार मतदान करने की दिक्कत होती है। हमारा कर्तव्य है कि हम ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसी राष्ट्रहित की अवधारणा को घर-घर तक पहुँचाएँ।
हम सभी की जागरूकता, ऊर्जा और तकनीकी समझ से यह अभियान देश की नई दिशा तय कर सकता है। हम सब मिलकर ‘कम चुनाव, ज़्यादा विकास’ के इस संकल्प को साकार करें। बैठक को अभियान के प्रदेश सह संयोजक अभिषेक सोनकर, क्षेत्रीय संयोजक भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव ने किया।बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने मिलकर संकल्प लिया कि अभियान को घर-घर, गांव-गांव तक पहुँचाया जाएगा और जनता को इसके लाभों से अवगत कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, गोरखपुर महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाअध्यक्ष बस्ती पवन कसौधन ,अभियान के महानगर संयोजक आकर्षण मिश्रा, महानगर सहसंयोजक आदित्य द्विवेदी सहित सहित गोरखपुर क्षेत्र के सभी जिलों के अभियान संयोजक एवं सहसंयोजक उपस्थित रहे।