गोरखपुर के असुरन-पिपराइच फोरलेन मार्ग पर निर्माणाधीन खुले नाले में गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया है।
गोरखपुर में असुरन-पिपराइच फोरलेन चौड़ीकरण कार्य के तहत चल रहे नाला निर्माण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। पादरी बाजार पुलिस चौकी से लगभग 200 मीटर आगे 12 मई 2026 को असुरन-पिपराइच रोड किनारे बने खुले नाले में गिरकर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड तृतीय) द्वारा सड़क के दोनों ओर नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर संबंधित ठेकेदार फर्म सीएलआईएल के विरुद्ध FIR एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है।
अवर अभियंता डी.के. सिंह को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं सहायक अभियंता रंजन सिंह के खिलाफ नियम-7 के तहत विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। प्रभारी अधिशासी अभियंता ध्रुव अग्रवाल से भी पूरे प्रकरण में स्पष्टीकरण मांगा गया है और इस संबंध में प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हर संभव शासकीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी घटना के सभी पहलुओं की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देवरिया जिले के रामपुर कारखाना के गौरा गांव के रहने वाले 55 साल के हंसराज यादव गोरखपुर के पादरी बाजार स्थित लक्ष्मीपुर चौराहे पर चौरसिया डेयरी में पिछले चार साल से काम करते थे। वहीं रहते थे भी थे। बताया जा रहा है कि हर रोज की तरह मंगलवार को भी दिन भर में डेयरी का काम खत्म किया।
उसके बाद रात करीब आठ बजे डेयरी से निकल कर चौराहे तक गए। उसके बाद ब्यासनगर कॉलोनी जाने वाले रास्ते की तरफ से निर्माणाधीन नाले को पार कर रहे कि अचानक नीचे गिर गए और सरिया उनके पेट में धंस गया। गिरते देख आसपास के लोग जुट गए और करीब 5 मिनट बाद वहां से निकालकर बाहर निकाला। इस पूरी घटना का वीडियो CCTV में कैद हो गया।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिवार को सूचना दे दी गई है।
गोरखनाथ क्षेत्र के CO रवि सिंह ने बताया कि मजदूर के नाले में गिरने की सूचना के बाद टीम पहुंची और अस्पताल ले जाया गया, वहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिवार को सूचना दे दी गई है।
अभी कुछ महीने पहले एक बच्चे की भी मौत नाले में गिरने से हो गई थी, उसके पेट को फाड़कर सरिया बाहर निकल गया था। परिजन डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन तब तक खून ज्यादा बह चुका था। उस समय भी नागरिक काफी विरोध किए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोग निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठा रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।