
Santkabir Nagar News: संतकबीर नगर जिले की पुलिस व्यवस्था में फेरबदल करते हुए एसपी संदीप मीना ने तीन थानाध्यक्षों समेत कुल 15 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया है। गुरुवार दोपहर 2:30 बजे जारी आदेश में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी ने यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली दुरुस्त करने के उद्देश्य से किया है।
तबादला सूची के अनुसार, निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार राय को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद बनाया गया है। वह इससे पहले बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक थे। वहां से रवानगी के कुछ घंटे बाद ही उन्हें खलीलाबाद कोतवाली की जिम्मेदारी सौंप दी गई। वाल्टरगंज थाना पूर्व में वहां तैनात प्रभारी निरीक्षक की आत्महत्या के बाद चर्चा में आया था। वहीं, निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा को कोतवाली खलीलाबाद में निरीक्षक अपराध के पद से हटाकर प्रभारी निरीक्षक धनघटा बनाया गया है।
उपनिरीक्षक दिलीप सिंह को बखिरा से महुली, दुर्गेश कुमार पांडेय को पीआरओ/मीडिया सेल से बखिरा, सूर्यभान यादव को खलीलाबाद से धनघटा और विजय शंकर पांडेय को बेलहरकला से खलीलाबाद भेजा गया है। दुर्गेश पांडेय का पिछले महीने महुली थानाध्यक्ष के पद से स्थानांतरण हुआ था। उस समय क्षेत्र के लोगों की भावुक विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मुख्य आरक्षियों में कमल प्रसाद को पुलिस लाइन से महुली, दयानंद उपाध्याय को पुलिस लाइन से बखिरा और दीनानाथ राजभर को बेलहरकला से धर्मसिंहवा भेजा गया है। वहीं, मुख्य आरक्षी मोहन कुमार प्रजापति के पूर्व स्थानांतरण आदेश में संशोधन कर उन्हें थाना बखिरा के बजाय रिपीटिंग चौकी धनघटा में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा आरक्षी वीरेंद्र कुमार, मनोज यादव, रोहित कुमार, ओम प्रकाश चौरसिया और शैलेंद्र निषाद का भी स्थानांतरण किया गया है। एसपी ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
जिले की दुधारा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 35 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2,120 रुपये नकद और गांजा ढोने में इस्तेमाल हुंडई औरा कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को एसओजी प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर साइन गोल्ड बेकरी, छपिया छितौना के पास वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की हुंडई औरा कार को रोकने का इशारा किया गया तो चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर कार रोक ली। तलाशी में 35 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपिया छितौना निवासी सैदा हुसैन उर्फ अच्छू पुत्र इफराक अहमद और मोहम्मद आदिल पुत्र निहाल अहमद के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ दुधारा थाने में मुकदमा संख्या 453/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सैदा हुसैन का पहले से भी आपराधिक इतिहास है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, नंदा प्रसाद और सर्विलांस प्रभारी हरेन्द्र चौहान समेत पुलिस टीम शामिल रही।